सीएचसी के चिकित्सक की दबंगई का वीडियो सामने आया है। जहां डॉक्टर साहब हाफ निक्कर और टीशर्ट में डयूटी पर पहुंचे। वीडियो में देखा जा सकता है कि सरकारी अस्पताल में तैनात एक चिकित्सक हाफ निक्कर और पीली टीशर्ट में अस्पताल के गेट पर खड़े होकर धमकाते हुए कह रहे हैं कि डीएम को बुला लो या सीएम को बुला लो…मैं कोई काम नहीं करूंगा।
सहपऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब पुलिस एक आरोपित युवक रिंकू सिंह को शांतिभंग में पकड़ कर चिकित्सीय परीक्षण कराने के लिए सीएचसी पर लेकर आई। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक विनीत सक्सेना ने डॉक्टरी परीक्षण करने से इनकार कर दिया।
इस दौरान चिकित्सक और आरोपित के भाई हरेंद्र के बीच तीखी बहस हो गई। कुछ ही देर में यह पूरा मामला विवाद में बदल गया। ड्यूटी पर तैनात हाफ निक्कर और टीशर्ट में मौजूद डाक्टर ने कहा कि चाहे डीएम को बुला लो या सीएम को बुला लो, मैं काम नहीं करूंगा।
दोनों पक्षों के बीच सीएचसी के बाहर गेट पर काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती रही। जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। वहीं, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी स्थिति को शांत कराने के बजाय अपने मोबाइल फोन में व्यस्त नजर आए, जिससे विवाद और बढ़ गया।
घटना के दौरान अस्पताल परिसर में अराजकता का माहौल बन गया और वहां मौजूद मरीज व तीमारदार भी असहज महसूस करने लगे। इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि पुलिस द्वारा लाए गए आरोपित का मेडिकल करना चिकित्सक की जिम्मेदारी होती है, ऐसे में इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की जांच की मांग की है। हालांकि जागरण प्रसारित वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
वहीं पूरे मामले पर डॉ. विनीत सक्सेना का कहना है कि मैं अपने कमरे में सो रहा था। मेरे कर्मचारी ने बताया कि आरोपित का चिकित्सीय परीक्षण होना है, मैनें कहा कि अभी मैं आता हूं। उसके बाद हरेंद्र नाम का व्यक्ति मेरे कमरे में घुस आया और मुझसे अपशब्द बोलने लगा।
यह देख मुझे भी गुस्सा आ गया और मैंने भी उससे तेज आवाज में बात की और उसने मुझे कपड़े पहनने का भी मौका नहीं दिया। फिलहाल दूसरे चिकित्सक के आने पर डॉ. रजनीश ने आरोपित का मेडिकल किया।


