हमीरपुर में चटनी न पीसने से नाराज वृद्ध ने खाया जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत

2.1kViews
1909 Shares

मौदहा कस्बे के कुम्हारौड़ा मुहल्ला निवासी एक वृद्ध ने चटनी न पीसने से नाराज होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे कस्बे के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

कुम्हारौड़ा मुहल्ला निवासी 60 वर्षीय वरदानी पुत्र समलिया नशे का आदी बताया जा रहा है। स्वजन ने बताया कि उसकी पत्नी शुगर की बीमारी से पीड़ित है और चलने-फिरने में असमर्थ है। शुक्रवार को वरदानी नशे की हालत में घर पहुंचा और अपनी नातिन से सिलबट्टे में चटनी पीसने के लिए कहा। नातिन के मना करने पर वह नाराज हो गया और जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ने लगी।

स्वजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है। जिनकी शादी हो चुकी है। वहीं एक पुत्र दिव्यांग है और अविवाहित बताया गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *