सिंगरौली। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के नेतृत्व में विभागीय टीम द्वारा जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार 07 मई 2026 को खनिज विभाग ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वाहनों पर कुल 5 लाख 95 हजार 600 रुपये का अर्थदंड प्रस्तावित किया है, वहीं एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त भी किया गया है।

जानकारी के अनुसार कचनी रोड पर स्थापित ई-चेक गेट से गुजरने वाले खनिज परिवहन वाहनों की ऑनलाइन परीक्षण जांच की गई। जांच के दौरान चार वाहन बिना वैध ईटीपी (ई-ट्रांजिट पास) के खनिज परिवहन करते पाए गए। इसके बाद खनिज विभाग ने वाहन क्रमांक MP66 H2022, MP66 ZH 8297, MP66 A4695 तथा CG29 AJ1911 के विरुद्ध ऑनलाइन ई-चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 5,95,600 रुपये का अर्थदंड प्रस्तावित कर ऑनलाइन डिमांड नोटिस जारी किए।

कार्रवाई के दौरान जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सहायक खनि अधिकारी रामसुशील चौरसिया द्वारा एक अन्य जांच में गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक MP66ZA4530 को भी जप्त किया गया। वाहन के पास खनिज परिवहन का वैध अभिवहन पास नहीं पाया गया। जब्त वाहन को पुलिस चौकी बंधौरा में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है तथा मामले में खनिज नियमों के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभागीय टीम द्वारा समय-समय पर औचक निरीक्षण एवं ऑनलाइन मॉनिटरिंग के माध्यम से नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खनिज नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या वाहन संचालक को बख्शा नहीं जाएगा।
खनिज विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। जिला प्रशासन ने भी स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध खनिज कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


