गुरुग्राम के पलड़ा रोड पर शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ देर बाद ट्रक में लगा सीएनजी सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया।
धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
ड्राइवर ने छलांग लगाकर बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक से पहले धुआं उठता दिखाई दिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रक रोककर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि ट्रक में सीमेंट निर्माण में इस्तेमाल होने वाला ज्वलनशील केमिकल भरा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई।
घटना के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने सड़क के दोनों ओर यातायात रोक दिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

