सीबीएसई की ओर से कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए दूसरे बोर्ड परीक्षा 15 मई से 21 मई तक आयोजित की जाएगी। बोर्ड की ओर से दूसरी बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम पहले ही जारी किया जा चुका है। दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले के 17 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले के 6,600 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है।
परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड भी सीबीएसई की ओर से जारी किए जा चुके हैं। सभी संबद्ध विद्यालय सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपने विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं, जबकि निजी उम्मीदवार भी गुरुवार से अपने एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।
दूसरी बोर्ड परीक्षा के सुचारु, निष्पक्ष व पारदर्शी संचालन के लिए भी बोर्ड ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर सुधांशु शेखर के अनुसार विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसलिए परीक्षार्थियों को मुख्य परीक्षा की ही तरह दूसरी बोर्ड परीक्षा में भी सुबह 10 बजे से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर अनिवार्य रूप से प्रवेश करना है।
सभी छात्र-छात्राओं को निर्धारित स्कूल यूनिफार्म में आना होगा और अपने साथ स्कूल पहचान पत्र और सीबीएसई की ओर से जारी एडमिट कार्ड लाना आवश्यक होगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रानिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।
सीबीएसई की सिटी कोआर्डिनेटर सपना आहुजा ने बताया कि बोर्ड ने विद्यार्थियों को सख्त हिदायत दी है कि वे इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म्स, जैसे वाट्सएप, टेलीग्राम, यूट्यूब आदि पर परीक्षा से संबंधित अफवाहें फैलाने या किसी प्रकार की सामग्री साझा करने से बचें।
कहा कि सभी बोर्ड परीक्षार्थी एडमिट कार्ड प्राप्त करने के बाद अपने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण जरूरत कर लें। निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 15 मई को गणित (बेसिक व स्टैंडर्ड), 16 मई को इंग्लिश, 18 मई को साइंस, 19 मई को हिंदी, 20 मई को संस्कृत, फ्रेंच, जर्मन व अन्य भाषाएं, 21 मई को सोशल साइंस की परीक्षा होगी। सपना आहूजा ने विद्यार्थियों को समय का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश की समय सीमा सुबह 10 बजे तक ही है, इसलिए सभी परीक्षार्थी 15 मिनट पहले यानी अधिकतम 9:45 बजे तक पहुंच जाएं। इस बार कुछ परीक्षा केंद्रों में परिवर्तन हुआ है, इसलिए विद्यार्थी पहले से अपने केंद्र का निरीक्षण कर लें। बताया कि छात्र अपने साथ एडमिट कार्ड, पारदर्शी पेंसिल किट और पारदर्शी पानी की बोतल अवश्य लेकर आएं।


