सिंगरौली: नशामुक्ति अभियान 2.0 का बड़ा एक्शन: लग्जरी SUV से 170 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त, छत्तीसगढ़ का तस्कर गिरफ्तार
सिंगरौली। जिले में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ‘नशामुक्ति अभियान 2.0 – नशे से दूरी है जरूरी’ के तहत सिंगरौली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस चौकी गोभा की टीम ने एक लग्जरी डस्टर एसयूवी कार से 170 बल्क लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत 1.25 लाख रुपये, जबकि वाहन सहित कुल जब्त मशरूका की कीमत 5.25 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बैढ़न उप पुलिस अधीक्षक अशोक सिंह परिहार के नेतृत्व में की गई।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 की रात करीब 12:30 बजे चौकी प्रभारी गोभा उपनिरीक्षक शिवम सिंह चौहान को मुखबिर से सूचना मिली कि एक भूरे रंग की डस्टर कार (HR26BX9941) में अवैध विदेशी शराब भरकर बलंगी होते हुए छत्तीसगढ़ की ओर ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ ग्राम बरहपान के पास घेराबंदी कर वाहन का इंतजार करने लगे। पुलिस ने जैसे ही संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया, चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और ग्राम मुड़वनिया के पास योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

तलाशी में निकली 19 पेटी विदेशी शराब
वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सोनू यादव (30 वर्ष) पिता रामेश्वर यादव, निवासी ग्राम घुई, थाना रमकुला, जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 18 पेटी गोवा व्हिस्की तथा 1 पेटी 8PM ब्रांड की विदेशी शराब मिली। कुल 19 पेटियों में 170 बल्क लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1,25,000 रुपये है।पुलिस ने शराब के साथ डस्टर कार (HR26BX9941) भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल जब्त मशरूका की कीमत 5.25 लाख रुपये है।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 936/26 के तहत मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 47ए के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी गोभा उपनिरीक्षक शिवम सिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक सजीत सिंह, सहायक उपनिरीक्षक भगवान दास प्रजापति, प्रधान आरक्षक रविनंदन तोमर, प्रधान आरक्षक नीरज सिंह, आरक्षक शुभम अवस्थी, आरक्षक इस्लाम अंसारी, आरक्षक गौरव यादव तथा आरक्षक संदीप जायसवाल का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस का कहना है कि नशामुक्ति अभियान 2.0 के तहत जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

