परिवहन निगम ने लखनऊ मार्ग पर संचालित होने वाली बसों के संचालन में बदलाव करते हुए निर्देश जारी किए हैं कि अब रायबरेली समेत विभिन्न डिपो की बसें मोहनलालगंज बस स्टेशन के अंदर जाकर ही संचालित होंगी। इस आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए चालकों और परिचालकों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय का कहना है कि रायबरेली डिपो की लगभग 80 बसें प्रतिदिन लखनऊ मार्ग पर संचालित होती हैं। अब ये सभी बसें मोहनलालगंज बस स्टेशन होकर ही आएंगी और जाएंगी।
बस स्टेशन के अंदर जाना अनिवार्य
इसके अलावा आलमबाग, चारबाग, अवध डिपो और उपनगरीय डिपो की वे सभी बसें जो लखनऊ-प्रयागराज, लखनऊ-प्रतापगढ़, लखनऊ-रायबरेली समेत अन्य मार्गों पर चलती हैं और मोहनलालगंज होकर गुजरती हैं, उन्हें भी बस स्टेशन के अंदर जाना अनिवार्य किया गया है।
आदेश में यह भी कहा गया है कि सभी चालक और परिचालक बस स्टेशन पहुंचने पर गूगल मैप कैमरा से फोटो क्लिक करेंगे और उसे संबंधित विभागीय ग्रुप में पोस्ट करेंगे, ताकि बसों के स्टेशन में प्रवेश की निगरानी की जा सके। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को अपने डिपो के कर्मचारियों को निर्देशित कर आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।


