देहरादून में साइबर ठगों का आतंक, क्रिकेटर अभिमन्यु के पिता समेत आठ से 14 लाख की ठगी

2.5kViews
1631 Shares

साइबर अपराधियों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। साइबर ठगों ने क्रिकेटर अभिमन्यु ईश्वरन के पिता आरपी ईश्वरन सहित आठ लोगों से 14 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। साइबर ठगों ने डाक्टर से अपाइटमेंट और फर्जी पहचान बताकर लोगों को शिकार बनाया।

मालसी निवासी आरपी ईश्वरन ने राजपुर थाने में शिकायत दी कि उन्होंने आनलाइन डाक्टर का अपाइंटमेंट बुक कराया था। अज्ञात व्यक्ति ने वाट्सएप पर एपीके फाइल भेजी जोकि उन्होंने डाउनलोड कर ली। इसके बाद साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 3.19 लाख रुपये निकाल लिए।

बैंक से मैसेज मिलने पर धोखाधड़ी का पता चला

इसी तरह ठगों ने क्लेमेनटाउन निवासी भारत सिंह से 2.72 लाख रुपये, सुभानगर निवासी गिरीश चंद्र जोशी से 1.88 लाख रुपये, सहारनपुर चौक निवासी उमेश कुमार से 1.50 लाख रुपये और हरिद्वार बाइपास निवासी मनोज कुमार आहूजा से आनलाइन 1.25 लाख रुपये की ठगी की।

संजीव रात्रा निवासी करनपुर डालनवाला के बैंक खाते से भी उनकी जानकारी के बिना 1.44 लाख रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने बताया कि बैंक से मैसेज मिलने पर उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। उन्होंने 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और संबंधित थाने में तहरीर दी।

वहीं, नागेंद्र कुमार मूल निवासी जमशेदपुर झारखंड ने पटेलनगर कोतवाली में 1.80 लाख रुपये की साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कराया। इसके अलावा शिमला बाइपास निवासी गौरव अग्रवाल ने शिकायत दी कि उनके बैंक खाते से बिना किसी ट्रांजेक्शन के 3.12 रुपये निकाल लिए गए।

उन्होंने भी साइबर पोर्टल और 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। इन सभी मामलों में पुलिस ने संबंधित शिकायतों और साइबर हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। पुलिस सभी मामलों में जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *