सिंगरौली। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन, रीवा गौरव राजपूत एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र श्री हेमंत चौहान के निर्देशन में सिंगरौली जिले के समस्त थाना एवं चौकी स्तर पर “जन चौपाल” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सिंगरौली मनीष खत्री के मार्गदर्शन में जिले के अलग अलग थानों में जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है इसी क्रम में नवानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 5:00 बजे निगाही मोड़ के पास पुलिस द्वारा जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को विभिन्न सुरक्षा विषयों के प्रति जागरूक करना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना था।

कार्यक्रम के दौरान गंभीर अपराधों की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा तस्करी पर नियंत्रण एवं नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़ी घटनाओं से बचा जा सकता है।

इस जन चौपाल कार्यक्रम में उमेश कुमार प्रजापति (नगर पुलिस अधीक्षक) की विशेष उपस्थिति रही। उनके मार्गदर्शन में कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। वहीं अनिल कुमार पटेल (थाना प्रभारी नवानगर) भी अपने दल-बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और चौपाल में पहुंचे लोगों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना।
कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं, जिनके त्वरित समाधान के लिए पुलिस द्वारा आश्वासन दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

📢 जनता से जुड़ने की पहल
जन चौपाल के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने की यह पहल सराहनीय मानी जा रही है। इससे न केवल लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी, बल्कि पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत करने का सकारात्मक पहल भी माना जा रहा है।


