‘हमें उम्मीद है प्रदर्शनकारियों की रिहाई को लेकर सरकार आज ही लिखित गारंटी देगी’, बोले CJP प्रवक्ता सौरव दास

2.7kViews
1723 Shares

 सुप्रीम कोर्ट के आदेशों और प्रदर्शनकारियों की मांगों पर कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि यदि सुप्रीम कोर्ट युवाओं के हित में काम कर रहा है तो ऐसे आदेशों या फैसलों का हम स्वागत करते हैं।

बता दें सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि छात्रों का प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था और प्रदर्शन करना उनका संवैधानिक अधिकार है। कोर्ट ने यह भी कहा कि जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग करने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी।

दास ने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी लंबे समय से मैदान में सक्रिय है और उनकी कुछ प्रमुख मांगें पूरी होनी चाहिए। इनमें मुख्य मांग है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सभी एफआईआर वापस ली जाएं और सरकार भविष्य में किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ कोई प्रतिशोधात्मक कार्रवाई न करे।

आज ही सरकार की ओर से लिखित गारंटी मिलने की उम्मीद: सौरव दास

सौरव दास ने आगे कहा कि आज (मंगलवार) तक सरकार की ओर से लिखित गारंटी जारी होने और सभी हिरासत या गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों की रिहाई की उम्मीद थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शर्त या कैवेट के साथ समझौता स्वीकार्य नहीं है। कल शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार अपना वादा पूरा नहीं करती तो दिल्ली में एक बार फिर बड़ा प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

सौरव दास ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट जो भी कहे, वह उनकी मांगों के ‘अतिरिक्त’ होना चाहिए। उनकी मांगें पहले पूरी हों, फिर सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेशों या राहत का पालन करे। यही उनकी पार्टी की प्राथमिक मांग है।

कंगना को उनकी पार्टी के लोग गंभीरता से नहीं लेते: सौरव दास

भाजपा सांसद कंगना रनौत के बयान पर सौरव दास ने कहा कि उनकी अपनी पार्टी के सदस्य भी उन्हें ज्यादा गंभीरता से नहीं लेते, फिर हम क्यों लें। उन्होंने कहा कि जेन-जी, जेन-अल्फा या युवा पीढ़ी कोई भी कंगना को गंभीरता से नहीं लेती क्योंकि अब वे एक राजनेता हैं। हिमाचल प्रदेश में अपनी संसदीय क्षेत्र यात्रा के दौरान कंगना के उस बयान का जिक्र करते हुए दास ने कहा कि उन्होंने सोचा था काम कम करना होगा, लेकिन सांसद बनने पर बहुत ज्यादा मेहनत लगती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *