बरगवां क्षेत्र के शराब भट्टी से दिन-दहाड़े गांव-गांव पहुंच रही अवैध शराब, पुलिस की मौन साझेदारी से बेखौफ तस्कर
सिंगरौली। बरगवां शराब भट्टी से क्षेत्र के उज्जैनी, पचौर सहित आसपास के कई गांवों में अवैध शराब की सप्लाई का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सूत्र बताते है कि बिना नंबर की बोलेरो तथा ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के माध्यम से गांव-गांव तक शराब की खेप पहुंचाई जा रही है। यह कारोबार इतनी खुलेआम हो रहा है कि आमजन हैरान हैं कि आखिर दिन के उजाले में चल रही इस गतिविधि पर संबंधित विभागों की नजर क्यों नहीं पड़ रही है।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा है और जिम्मेदार अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी चुप्पी साधे हुए हैं। सूत्र बताते हैं कि इस खेल में बरगवां थाना पुलिस का सहयोग प्राप्त है, तभी तो कोई कार्रवाई नहीं होती। इसी कारण अवैध शराब का कारोबार क्षेत्र में बेखौफ जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे-मोटे मामलों में तो तुरंत कार्रवाई हो जाती है, लेकिन जब बात बड़े लोगों से जुड़ी होती है, तो प्रशासन मौन हो जाता है।

बरगवां क्षेत्र में लगातार अपराधों का ग्राफ बढ़ रहा है। यहां गांव-गांव में अवैध शराब, अवैध मादक पदार्थ सहित अन्य नशे के सामान खुलेआम बिक रहे हैं। इस अवैध शराब की सप्लाई से सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है और युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है, जिससे परिवारों में विवाद और अपराध की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। बरगवां थाना पुलिस इस पूरे खेल को जानते हुए भी अनजान बनी हुई है।

पुलिस की ‘सफलताएं’ और सवाल
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में बरगवां थाना पुलिस ने कई बड़ी कार्रवाइयों का दावा किया है, लेकिन हर बार चालक मौके से फरार हो गया। इन घटनाओं ने पुलिस की क्षमता और मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं:
- अक्टूबर 2025 में पुलिस ने 98 हजार रुपये की अवैध शराब के साथ एक स्कॉर्पियो जब्त की, लेकिन चालक फरार हो गया।
- जनवरी 2026 में 135 लीटर अवैध शराब से भरी फोर्ड इकोस्पोर्ट कार जब्त की गई, चालक फरार।
- उसी माह 63 लीटर शराब के साथ एक बाइक जब्त की गई, एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
- मई 2026 में 152 लीटर अवैध शराब के साथ फर्जी नंबर प्लेट वाली कार बरामद हुई, चालक फरार।

हालांकि पुलिस ने कुछ मामलों में कार्रवाई की है, लेकिन नेटवर्क के मास्टरमाइंड तक पहुंचने में वह नाकाम रही है। हर बार चालकों का फरार होना इस बात की ओर इशारा करता है कि तस्करों को पहले से ही पुलिस की हरकतों की भनक लग जाती है। इन घटनाओं के बावजूद बरगवां क्षेत्र में अवैध शराब की सप्लाई जारी है, जो पुलिस की बड़ी विफलता को दर्शाता है। या इस कार्यवाही से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि पुलिस केवल खाना पूर्ति कर रही है और वरिष्ठ अधिकारियों से नंबर लेनें के लिए करवाई के लिए खाना पूर्ति करती है मगर चालक गिरफ्त से बाहर चला जाता है।
अब देखना यह होगा कि क्या बरगवां पुलिस इस अवैध शराब के कथित नेटवर्क पर कब कार्रवाई करती है, या फिर तस्कर दिन-रात बेखौफ होकर गांव-गांव शराब पहुंचाते रहेंगे।


विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

