दिनदहाड़े बैंक में डकैती से दहला सिंगरौली! बंदूक की नोक पर महाराष्ट्र बैंक से लाखों की लूट

4.9kViews
1173 Shares

5 बदमाशों ने कर्मचारियों को बनाया बंधक, गोली चलने और मारपीट की खबर, जिले में हाई अलर्ट

सिंगरौली/बैढन। जिले के बैढन थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब टाकीज चौराहे के आगे संचालित महाराष्ट्र बैंक में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दे दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 5 की संख्या में आए बदमाश अचानक बैंक के अंदर घुस गए और बंदूक की नोक पर वहां मौजूद सभी कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इस दौरान बदमाशों ने बैंक के भीतर जमकर आतंक मचाया।

गोली चलने और कर्मचारियों से मारपीट की खबर

सूत्रों के अनुसार लूट के दौरान बैंक के अंदर गोली चलने की भी खबर सामने आ रही है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। वहीं, बदमाशों द्वारा बैंक कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी मिली है।

हालांकि, आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में भय का माहौल है।

मौके पर पहुंचे एसपी, भारी पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री मौके पर पहुंच गए। उनके साथ भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। पुलिस द्वारा पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

जिले में हाई अलर्ट जारी

घटना के बाद प्रशासन ने पूरे सिंगरौली जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। सभी थाना क्षेत्रों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं तथा प्रमुख मार्गों और सीमाओं पर चेकिंग बढ़ा दी गई है।

जांच जारी, जल्द खुलासे की उम्मीद

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और इस बड़ी वारदात का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *