JET का पेपर नहीं पहुंचने पर बोकारो में हंगामा, JPSC ने रद की 2 विषयों की परीक्षा

 रविवार को आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा (JET Exam 2026) के दौरान बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर भारी अव्यवस्था देखने को मिली।

निर्धारित समय पर प्रश्न पत्र नहीं पहुंचने से परीक्षा बाधित हो गई, जिसके बाद अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर जमकर हंगामा किया। केंद्र पर कुल 729 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी।

सभी अभ्यर्थियों को समय पर प्रवेश तो दे दिया गया, लेकिन न तो बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज हो सकी और न ही प्रश्न पत्र उपलब्ध कराया जा सका।

बिना परीक्षा के बाहर निकाला

लंबे इंतजार के बाद करीब 12:30 बजे परीक्षार्थियों को बिना परीक्षा कराए ही बाहर निकाल दिया गया, जिससे उनका आक्रोश फूट पड़ा। बताया गया कि इस केंद्र पर देवघर, दुमका और गोड्डा समेत कई जिलों से अभ्यर्थी पहुंचे थे।

दूर-दराज से आए परीक्षार्थियों ने परीक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए पुनः परीक्षा कराने की मांग की। हंगामे की सूचना मिलते ही उपायुक्त अजय नाथ झा मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, हालांकि समाचार लिखे जाने तक अभ्यर्थियों में आक्रोश बना हुआ था।

गौरतलब है कि 26 अप्रैल को आयोजित इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 51 केंद्र बनाए गए थे, जहां 22,404 अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद थी।

परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक उपस्थिति और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद एक प्रमुख केंद्र पर परीक्षा का आयोजन नहीं हो पाना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

JPSC ने दो विषयों की परीक्षा की रद

बोकारो में हुई अव्यवस्था के बाद झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने बड़ा फैसला लेते हुए दो विषयों की परीक्षा रद कर दी है। आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कुछ केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में प्रश्न पत्र उपलब्ध नहीं होने और प्रश्न पत्र के अपठनीय होने की शिकायतें मिली थीं।

इसी के मद्देनजर बोकारो के सरदार पटेल पब्लिक स्कूल में आयोजित शिक्षा विषय तथा रांची के एएसटीवीएस डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, शहीद चौक में आयोजित उड़िया विषय की परीक्षा रद कर दी गई है।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों विषयों की नई परीक्षा तिथि शीघ्र ही अलग से जारी की जाएगी। इस निर्णय से प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत तो मिली है, लेकिन परीक्षा दे चुके छात्रों के सामने बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है।

संस्कृत के बंडल में पहुंचा मानवशास्त्र का प्रश्न पत्र

परीक्षा व्यवस्था की खामियों का एक और मामला सामने आया है। थर्ड सी स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परीक्षा केंद्र पर संस्कृत विषय के बंडल में मानवशास्त्र का प्रश्न पत्र भेज दिया गया।

अभ्यर्थी जब उत्तर लिखने बैठे, तब उन्हें गलती का पता चला कि प्रश्न पत्र संस्कृत के बजाय मानवशास्त्र का है। इस गड़बड़ी में करीब 20 मिनट का समय बर्बाद हो गया।

बाद में किसी तरह स्थिति को संभालते हुए सही प्रश्न पत्र उपलब्ध कराकर परीक्षा शुरू कराई गई। इस घटना ने आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *