उत्तराखंड परिवहन निगम के ऋषिकेश डिपो की ओर से ऋषिकेश आईएसबीटी से चारधाम के लिए पहली बार एसी टेंपो ट्रेवलर सेवा शुरू कर दी गई है। परिवहन निगम मुख्यालय ने टेंपो ट्रेवलर विभिन्न रूटों पर प्रस्तावित किराए को अंतिम मंजूरी दे दी है।
इसके बाद ऋषिकेश डिपो प्रबंधन अब टेंपो ट्रेवलर के संचालन को सफल बनाने में जुट गया है। इससे यात्रियों की लंबी यात्रा भी सुगम होगी।
इतना होगा किराया
ऋषिकेश डिपो की सहायक महाप्रबंधक अंजलिका शर्मा ने बताया कि ऋषिकेश से बदरीनाथ के लिए 990, ऋषिकेश से सोनप्रयाग के लिए 800, ऋषिकेश से दो धाम के लिए 3060 व ऋषिकेश से चार धामों के लिए 6130 रुपए प्रति यात्री किराया तय किया गया है।
बुकिंग सेवा ऑफलाइन मोड पर होगी। बताया कि टेंपो ट्रेवलर सेवा का लाभ लेने या आवश्यक पूछताछ के लिए हेल्पलाइन नंबर 9045599119, 9412990126, 8475009994 पर संपर्क कर सकते हैं।
बता दें कि परिवहन निगम मुख्यालय ने ऋषिकेश डिपो को करीब तीन हफ्ते पहले चार धाम रूट पर संचालन के लिए 6 एसी टेंपो ट्रेवलर दिए थे, लेकिन किराया तय नहीं हो पाने के कारण इनका संचालन नहीं हो पा रहा था।


