इलाज के दौरान प्रसूता की मौत से नाराज परिजनों ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरहज में हंगामा किया। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
पुराना बरहज निवासी 30 वर्षीय अनीता पत्नी सुरेंद्र प्रसाद को मंगलवार रात करीब नौ बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजन सीएचसी बरहज लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार वहां भी हालत में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया। गोरखपुर में इलाज के दौरान अनीता की मौत हो गई।
बुधवार सुबह परिजन शव लेकर सीएचसी बरहज पहुंचे और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि समय पर उचित इलाज और देखभाल नहीं मिलने के कारण प्रसूता की जान चली गई। हंगामे के चलते कुछ देर के लिए अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा तथा मरीजों और तीमारदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
सीएचसी प्रभारी डॉ. बी.एन. यादव ने बताया कि मरीज की हालत गंभीर थी, इसलिए बेहतर उपचार के लिए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया था। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


