जिला पुलिस का यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने, अवैध सायरन, तेज संगीत बजाने और बुलेट मोटरसाइकिलों से पटाखे जैसी आवाज निकालने वालों पर विशेष कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने एक दिन में 447 वाहनों के चालान कर करीब नौ लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इनमें ड्रंक एंड ड्राइविंग के 22, ब्लैक फिल्म के 34, बिना नंबर प्लेट के 87, लेन चेंज के 145 और बुलेट पटाखा के मामले शामिल हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने बताया कि जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और हाईवे पर एल्कोमीटर के साथ नाकाबंदी कर सघन जांच की जा रही है। ट्रैक्टर-ट्रालियों व अन्य वाहनों पर तेज संगीत बजाने, प्रेशर हार्न और सायरन लगाने वालों पर भी कार्रवाई हो रही है।
एसपी नीतीश अग्रवाल ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन और ध्वनि प्रदूषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नियमों का पालन करें और किसी भी उल्लंघन की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


