दिल्ली-NCR में बारिश के बाद फिर बढ़ने लगा तापमान, तेज धूप से लोगों का हाल बेहाल

शनिवार को पूरे दिन धूप खिली रही। धूप के साथ उमस से लोगों को अधिक गर्मी महसूस हो रही है। रविवार को सुबह से धूप खिली हुई है। बीच-बीच में हल्के बादल भी आ रहे हैं। रविवार को न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अगले दो दिनों तकइसी तरह का मौसम रहेगा। उसके बाद तापमान में वृद्धि होगी।

बिगड़ रही दिल्ली की हवा

गर्मी बढ़ने के साथ ही दिल्ली की हवा की गुणवत्ता भी खराब हो रही है। शुक्रवार को हुई वर्षा के कारण शनिवार को दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) खराब से मध्यम श्रेणी में पहुंच गया था। शनिवार को एक्यूआई 152 यानी मध्यम श्रेणी में था जो रविवार सुबह 238 यानी खराब श्रेणी में पहुंच गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर एप के अनुसार वजीरपुर सबसे अधिक प्रदूषित है। यहां का एक्यूआई 350 दर्ज किया गया। वहीं, आनंद विहार का 349, रोहिणी का 324 और अलीपुर का एक्यूआई 323 रहा। दिन में भी हवा की गुणवत्ता और बिगड़ सकती है।

गाजियाबाद में बारिश से मिली राहत बेअसर

शुक्रवार को चली धूल भरी आंधी और हुई वर्षा से लोगों को गर्मी से राहत मिली। लेकिन शनिवार की सुबह यह राहत उलट असर लेकर आई। सुबह से ही सूरज की तेज तपिश ने लोगों का बुरा हाल कर दिया। सुबह से आसमान पूरी तरह साफ रहा और जैसे-जैसे दिन चढ़ा, गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए। मौसम विभाग का अनुमान है कि एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है।

हफ्तेभर से धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे। शुक्रवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और शाम होते-होते वर्षा से मौसम सुहाना हुआ। इसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मगर शनिवार सुबह तेज धूप निकलते ही गर्मी का एहसास बढ़ने लगा। दिन चढ़ते ही गर्मी चरम पर पहुंच गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हवा अधिकतम 11 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली। वातावरण में आर्द्रता 21 प्रतिशत रही। मौसम विभाग का कहना है कि गर्मी की शुरुआत हो चुकी है और आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा। अगले एक सप्ताह के भीतर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। लोगों ने दोपहर में घरों से निकलना कम किया और ठंडे पेय का सहारा लिया। बाजारों में सन्नाटा दिखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *