जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के सासामुसा बाजार स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-27 किनारे बने पक्के नाले से शनिवार शाम पुलिस ने एक युवक का नरमुंड बरामद किया।
इस बरामदगी से इलाके में सनसनी फैल गई है। आशंका जताई जा रही है कि यह नरमुंड करीब दो वर्ष पूर्व लापता हुए सासामुसा निवासी चंदन कुमार का हो सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने इस मामले में हाल ही में सासामुसा बाजार के दो युवकों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने चंदन कुमार की हत्या कर शव को नाले में फेंकने की बात स्वीकार की।
आरोपितों की निशानदेही पर पक्के नाले से बरामद हुआ नरमुंड
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने जेसीबी और मानव बल की मदद से नाले की सफाई शुरू कराई, जिसके दौरान नरमुंड बरामद हुआ। अन्य अवशेषों की तलाश के लिए खबर लिखे जाने तक अभियान जारी था।
जानकारी के अनुसार, एक मार्च 2024 को चंदन कुमार की मां सुनीता देवी ने कुचायकोट थाने में बेटे के लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आवेदन में बताया गया था कि 28 फरवरी की शाम चंदन अपने तीन दोस्तों के साथ एक तिलक समारोह में गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। साथ गए युवकों से पूछताछ करने पर उन्होंने अनभिज्ञता जताई।
अगले दिन तक चंदन के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाने में लिखित शिकायत दी गई।
प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
प्राथमिकी में सासामुसा बाजार निवासी अमरनाथ कसेरा, मनु कुमार और दीपक कुमार को नामजद किया गया था। स्वजनों का आरोप है कि शुरुआती जांच में पुलिस ने इन लोगों से पूछताछ की थी, लेकिन ठोस साक्ष्य के अभाव में उन्हें छोड़ दिया गया।
हाल ही में पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर मामले की पुनः गहन जांच शुरू की गई। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मन्नु कुमार और दीपक कुमार की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की गई।
पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली। थानाध्यक्ष दर्पण सुमन ने बताया कि बरामद नरमुंड को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि पहचान सुनिश्चित की जा सके। साथ ही नाले की सफाई कर अन्य कंकाल व अवशेषों की तलाश जारी है।
प्रथम दृष्टया हत्या का कारण प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मौके पर कुचायकोट थाना प्रभारी दर्पण सुमन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


