सचेंडी के बिनौर के पास स्थित स्पन माइक्रो प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने शनिवार को वेतन बढ़ाए जाने समेत अन्य चीजों की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। नाराज कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसाननगर रोड पर बिनौर के पास स्थित स्पन माइक्रो प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में शनिवार सुबह कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि और अन्य सुविधाओं की मांग करते हुए हंगामा काटना शुरू कर दिया।कंपनी में सैकड़ों की तादात में श्रमिक और कर्मचारी काम करते है।एक साथ सभी ने काम बंद कर कंपनी गेट के बाहर प्रदर्शन करते हुए प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ऑटो पार्ट्स बनाने वाली कंपनी में करीब 275 कर्मचारी काम करता है ।
नाराज कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वह वर्षों से कंपनी में कार्यरत है इसके बाद भी न तो उनका वेतन बढ़ाया गया और न ही उन्हें कोई मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बढ़ती महंगाई में परिवार चलाना भी मुश्किल हो गया है, इसके बावजूद प्रबंधन उनकी समस्याओं को नहीं देख रहा।
सहायक श्रमायुक्त राम लखन पटेल कर्मचारियों से वार्ता करते हुए। जागरण
कर्मियों ने बताया कि काम करते समय उन्हें न तो सुरक्षा सम्बन्धित कोई चीजें मुहैया कराई जाती है और न ही मेडिकल की व्यवस्था कराई गई है। कई बार प्रबंधन से मांगो को लेकर बातचीत हुई लेकिन प्रत्येक बार उन्हें आश्वासन की। घुट्टी पिला दी जाती है। फिलहाल हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहें कर्मचारियों से बातचीत कर समझाने का प्रयास किया।
पुलिस ने कर्मचारियों और कंपनी प्रबंधन के बीच वार्ता कराने की कोशिश की। हालांकि अभी तक कर्मचारी मानने को तैयार नहीं है। पुलिस लगातार कर्मचारियों को समझाने के प्रयास में जुटी है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
वहीं कंपनी प्रबंधन की ओर से मामले में बातचीत कर समाधान निकालने की बात कही जा रही है। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ने बताया कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बातचीत से हल निकालने का प्रयास कराया जा रहा है।


