पंचायत-निकाय चुनाव से पहले BJP का बड़ा दांव, राष्ट्रीय अध्यक्ष का 3 दिन का जम्मू-कश्मीर दौरा तय करेगा संगठन की दिशा

4.5kViews
1137 Shares

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के जम्मू कश्मीर के पहले दौरे को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार मई माह के पहले सप्ताह में राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रदेश के दौरे का शेड्यूल फाइनल हो जाएगा।

प्रदेश में उनका प्रवास तीन दिन का हो सकता है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व राज्यसभा के सदस्य सत शर्मा ने कुछ समय पूर्व दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष से भेंट कर उन्हें जम्मू कश्मीर आने का निमंत्रण दिया था। नवीन के साथ जम्मू कश्मीर के कई नेता दिल्ली में मिल चुके हैं।

प्रदेश भाजपा इस समय जम्मू-कश्मीर में पंचायत व स्थानीय निकाय चुनाव के लिए तैयार हो रही है। पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने के लिए बैठकों का दौर जारी है। ऐसे हालात में राष्ट्रीय अध्यक्ष का पहला जम्मू कश्मीर दौरा क्षेत्र में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को तेजी देगा।

चार मई के बाद ही तय होगा शेडयूल

संगठन महामंत्री अशोक कौल का कहना है कि चार मई को पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का परिणाम आना है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष के जम्मू-कश्मीर दौरे का शेडयूल चार मई के बाद ही तय होगा। कुछ दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व जम्मू कश्मीर प्रभारी तरुण चुग ने भी जम्मू में पार्टी नेताओं के साथ इस संबंध में बैठक की थी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार जल्द प्रदेश अध्यक्ष दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए फिर बैठक होगी। इसमें पार्टी नेताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को कामयाब बनाने संबंधी जिम्मेदारियां दी जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *