इंदौर हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा: प्रेमी के साथ मिलकर कराई पति की हत्या, चार गिरफ्तार

6.2kViews
1914 Shares

इंदौर में हुई युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले का पुलिस ने गुरुवार को राजफाश किया। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कराई थी। पुलिस ने पत्नी, शूटर सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। वहीं पत्नी का प्रेमी फरार है।

12 अप्रैल को नखराली ढाणी के सामने नवीन पाटीदार का शव मिला था। मामला पहले सड़क दुर्घटना का लग रहा था लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्दन के पीछे गोली फंसी मिली।

पुलिस के मुताबिक, प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या की गई है। मामले में मृतक की पत्नी भारती शामिल है, जिसका मुख्य आरोपित उज्जैन निवासी राहुल मराठा के साथ प्रेम प्रसंग है।

मामले में भारती, मुकेश, अजय, श्रीराम बलाई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जांच के लिए घटनास्थल के आसपास के करीब 100 सीसीटीवी फुटेज देखे। एक फुटेज में दो युवक बाइक पर नजर आए, इनमें से एक ने मृतक की गर्दन के पीछे देसी पिस्टल से फायर किया। आरोपितों की तलाश में उनका आवागमन का रूट उज्जैन मिला।

गुरुवार को लोकेशन मिली कि आरोपित राऊ क्षेत्र में है। तलाश के दौरान तीन आरोपित एक बाइक पर मिले। आरोपितों ने पुलिस को बताया कि होमगार्ड के बेटे की हत्या के मामले में नवीन ने राहुल की मुखबरी कर गिरफ्तार करवा दिया था। राहुल इसका बदला लेना चाह रहा था।

डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि आरोपितों ने 15 दिन पहले नवीन को मारने की योजना बनाई थी। इसके लिए राहुल ने मुकेश कुमावत को हत्या करने का कांट्रेक्ट दिया। इसके बाद मुकेश ने जय और श्रीराम को एक लाख रुपये में हायर किया।

दोनों शूटर ने एक दिन पहले रेकी की और देखा कि नवीन किस समय पर आता-जाता है। वह शाम सात के बीच शराब पीने जाता है। इस पर उसका पीछा किया और मौका मिलते ही रात आठ बजे नवीन की हत्या कर दी। आरोपित मुकेश के खिलाफ हत्या और अवैध हथियारों के कई मामले पहले से दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *