236 करोड़ का जमीन घोटाला: शिकंजे में जमशेदपुर के रसूखदार, IAS विनय चौबे मामले में रांची पुलिस का एक्शन

रांची पुलिस ने गुरुवार देर शाम जमशेदपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इनमें कदमा थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती मंदिर पथ निवासी दिनेश अग्रवाल, सोनारी थाना क्षेत्र के बड़तल्ला निवासी अयान सरकार तथा शहर के एक पूर्व पत्रकार शामिल हैं। तीनों से बिष्टुपुर थाना में देर शाम से लेकर देर रात तक पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष भी बिष्टुपुर थाना पहुंचे। हालांकि आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया कि किन मामलों में पूछताछ की गई। दिनेश अग्रवाल के भाई अशोक अग्रवाल के अनुसार, उनके भाई को कदमा स्थित रंकिणी मंदिर से हिरासत में लिया गया था।

सूचना मिलने पर जब वे थाना पहुंचे तो उन्हें मिलने नहीं दिया गया और न ही पूछताछ के कारणों की जानकारी दी गई।
बताया जाता है कि दिनेश अग्रवाल राज्य के एक पूर्व मंत्री का करीबी रह चुका है।

साथ ही वह रिम्स, रांची में पूर्व मंत्री के प्रतिनिधि के रूप में भी कार्यरत रहा है। पूर्व में मानगो के सहारा सिटी में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में भी उसका नाम आया था। इधर, एक अधिकारी ने बताया कि रांची के एक मामले में पूछताछ के लिए इन लोगों को लाया गया था और पूरी कार्रवाई रांची पुलिस द्वारा की गई।

दिनेश अग्रवाल के परिजन थाने में जुटे रहे

संभावना जताई जा रही है कि देर रात पूछताछ के बाद कुछ लोगों को छोड़ भी दिया गया होगा। हालांकि सूत्रों के अनुसार, दिनेश अग्रवाल और आयान सरकार को बिष्टुपुर थाना में ही रखा गया, जबकि पूर्व पत्रकार से सिटी एसपी के सर्किट हाउस आवासीय कार्यालय में पूछताछ की गई।

इस दौरान रांची के एसपी पारस राणा भी मौजूद थे और उनके नेतृत्व में पूरी कार्रवाई संपन्न हुई। पूरा मामला रांची के चर्चित 236 करोड़ रुपये के जमीन घोटाले से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें आइएएस अधिकारी विनय चौबे समेत कई लोग आरोपी हैं। दिनेश अग्रवाल के परिजन थाने के बाहर मौजूद थे। व्यवसायियों में चर्चा का विषय रहा।

अयान सरकार को भी राज्य के एक पूर्व मंत्री के पुत्र का करीबी बताया जाता है और वर्तमान में वह एक मंत्री से नजदीकी संबंध होने का दावा करता है। पूरा हाईप्रोफाइल है। फिलहाल मामले में अधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *