थाना मिर्जापुर क्षेत्र में हथनीकुंड बैराज पर रील बनाने के प्रयास में मामा-भांजे यमुना नदी में डूब गए। भांजे दीपक को तो किसी तरह बचा लिया गया, लेकिन मामा 21 वर्षीय लोकेश कुमार का पता नहीं चला। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई थी और पीएसी की फ्लड कंपनी भी पानी में लोकेश की तलाश में जुट गई।
गुरुवार की शाम लोकेश पुत्र धर्मपाल निवासी राम धौलरा कोतवाली बेहट अपने भांजे दीपक के साथ घूमने गया था। इसी बीच उन्होंने बैराज से उत्तर की ओर कुंड के सामने वीडियो बनाने का प्रयास किया। जिसके चलते दोनों पानी में गिर गए। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने किसी तरह से दीपक को तो निकाल लिया।
लोकेश का पता नहीं चला। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सूबे सिंह हथनीकुंड चौकी इंचार्ज अमरेश भाटी भी मौके पर पहुंच गए। लेकिन रात हो जाने के कारण तलाश नहीं हो सकी।
दीपक ने स्वजन को भी सूचना दे दी गई वह भी मौके पर पहुंच गए। शुक्रवार की सुबह 41वीं वाहिनी पीएसी की फ्लड कंपनी मुख्य आरक्षी मनोज शर्मा की अगुवाई में मोटर बोट के साथ हथनी कुंड बैराज पहुंच गई और लोकेश की हथनी कुंड बैराज में तलाश शुरू कर दी। युवक की तलाश में स्थानीय गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है।


