मछली पकड़ने से रोका तो युवक ने फूंका मथुरा का बालाजी आश्रम, CCTV में कैद हुई घटना

8.3kViews
1953 Shares

गांव पैंठा में मछली पकड़ने की मना करने पर नाराज एक युवक ने बालाजी मंदिर के आश्रम में आग लगा दी। पूरी घटना आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके आधार पर पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।

गोवर्धन के गांव पैंठा स्थित हेलीपैड के समीप बालाजी मंदिर आश्रम में युवक रोहित मछली पकड़ रहा था। आश्रम से जुड़े लोगों ने उसे ऐसा करने से मना किया। इस पर वह नाराज होकर वहां से चला गया।

आरोप है कि कुछ देर बाद युवक गुस्से में वापस लौटा और आश्रम परिसर में स्थित हनुमानजी मंदिर के ऊपर पड़े छप्पर में आग लगा दी। देखते ही देखते छप्पर धू-धूकर जलने लगा। आग की चपेट में आने से वहां रखा सामान जलकर राख हो गया।

मंदिर में स्थापित मूर्तियां भी आग की गर्मी से काली पड़ गईं। आश्रम के महंत प्रेमचंद मुखिया ने बताया कि आग लगने के बाद आश्रम के लोगों ने खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया।

इससे बड़ा हादसा टल गया। महंत द्वारा घटना का प्रार्थना-पत्र थाना गोवर्धन में दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की।

पुलिस ने आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। इसमें आरोपित युवक आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। थाना प्रभारी भगवत गुर्जर ने बताया कि जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *