टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में महिला सहकर्मियों के यौन उत्पीड़न और मतांतरण के चर्चित मामले में गिरफ्तार असिस्टेंट जनरल मैनेजर अश्विनी अशोक छनानी को बुधवार को अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस हिरासत का अधिकार सुरक्षित रहेगा। दूसरी ओर इसी मामले की मास्टरमाइंड मानी जा रही एचआर प्रबंधक निदा खान अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। उसके संबंध आतंकी समूहों से होने की आशंका जताई जा रही है।
अश्विनी की कोर्ट में पेशी के दौरान सहायक सरकारी अभियोजक अनिकेत आह्वाड ने कहा कि आरोपित कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत है और बाहर रहने पर साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ या गवाहों को प्रभावित कर सकती है। उनकी दलीलों को स्वीकार करते हुए न्यायालय ने छनानी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
साथ ही यह निर्देश भी दिए कि जरूरत पड़ने पर उसे पुन: पुलिस अपनी हिरासत में ले सकती है। अब तक की जांच में सामने आया है कि कंपनी के भीतर कार्यरत महिला सहकर्मियों के साथ आरोपित शाह रुख हुसैन, शौकत कुरैशी और रजा रफीक मेमन द्वारा यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म किया।
पीड़िताओं ने इसकी शिकायत कंपनी में वरिष्ठ अधिकारी अश्विनी छनानी से की थी, लेकिन उसने कोई कार्रवाई करने के बजाय आरोपितों को संरक्षण दिया और मामले को दबाने का प्रयास किया।
दूसरी ओर इस पूरे मामले की मुख्य सूत्रधार मानी जा रही निदा खान अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस के लिए उसकी तलाश बड़ी चुनौती बनी हुई है। उसके संबंध कुछ आतंकी समूहों से होने की आशंका भी जताई जा रही है।
नासिक के पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक के अनुसार जांच के दौरान यह भी देखा जा रहा है कि क्या आरोपितों को किसी कट्टरपंथी संगठन या विदेशी स्त्रोत से आर्थिक मदद मिल रही थी। इसके लिए आरोपितों के बैंक अकाउंट्स की जांच की जा रही है। जैसे ही ठोस सुबूत मिलेंगे, आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बुलडोजर कार्रवाई की मांग
अमरावती जिले में नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण कर उनके फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में मुख्य आरोपित अयान अहमद के घर पर हुई बुलडोजर कार्रवाई की तर्ज पर नासिक टीसीएस के आरोपित कर्मचारियों के घर पर भी बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
इसके अलावा नासिक में महिलाओं का यौन शोषण करने वाले ढोंगी बाबा अशोक खरात एवं महिलाओं के अश्लील वीडियो इकट्ठा करने वाले रवींद्र एरंडे के घर पर भी बुलडोजर चलाने की मांग नासिक की भाजपा विधायक देवयानी फरांदे ने की है।
उन्होंने कहा कि नासिक में सामने आई घटनाएं बेहद गंभीर हैं। एक नामी कंपनी में महिलाओं के साथ अन्याय, अत्याचार, जबरन मतांतरण का प्रयास, मांसाहार करने के लिए मजबूर करना, विशेष प्रकार की प्रार्थना और उपवास करने के लिए दबाव बनाना जैसे मामले सामने आए हैं।
ऐसे मामलों में महिलाओं को बिना डरे आगे आकर शिकायत करनी चाहिए। अमरावती की तरह ही नासिक में भी आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।


