जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कांवड़ यात्रा से पहले संबंधित विभागों को सड़कों के गड्डे भरने का निर्देश दिया है। कहा है कि एक अगस्त से पहले सड़कों की मरम्मत करा ली जाए, जिससे कांवड़ यात्रियों को कोई दिक्कत न हो।
उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को भी कहा है कि वह अपने क्षेत्र के खराब सड़कों को ठीक कराने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराएं और इस कार्य को प्राथमिकता में रखें। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में एसडीएम हर्रैया उमाकांत तिवारी ने सड़कों की स्थिति के बारे में जिलाधिकारी को अवगत कराया है।
एसडीएम ने बताया कि एक अगस्त से कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है, जिसमें 20 लाख से अधिक शिव भक्तों के शामिल होने का अनुमान है। शिवभक्त अयोध्या से पवित्र सरयू नदी से जल लेकर बस्ती भदेश्वरनाथ मंदिर सहित जिले में स्थित अन्य शिव मंदिर पर जलाभिषेक करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग 27 से होकर पैदल व वाहनों से यात्रा करेंगे।
निरीक्षण के दौरान तहसील क्षेत्र की सीमा घघौवा से लेकर तिलकपुर तक राजमार्ग पर 500 से अधिक छोटे-बड़े गड्ढों को चिन्हित किया गया है, जिसपर श्रद्धालुओं का आवागमन जोखिम भरा साबित हो सकता है। बभनान हर्रैया ओवर ब्रिज की सर्विस लेन भी पूरी तरह टूट कर जर्जर हो चुकी है जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
प्रशासनिक पत्र में इस पर विशेष बल दिया गया है कि यह दुर्दशा कांवड़ यात्रा में सीधा व्यवधान डालेगी, जिससे पवित्र भावना के साथ यात्रा पर निकले शिवभक्तों में भारी असंतोष व आक्रोश पनप सकता है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

