मिलावटखोरों के खिलाफ हैदराबाद में बड़ा एक्शन, 6 फूड यूनिट्स पर कार्रवाई; छह गिरफ्तार

6.9kViews
1773 Shares

 हैदराबाद पुलिस कमिश्नर की टास्क फोर्स ने अपनी हैदराबाद फूड एडल्ट्रेशन सर्विलांस टीम के जरिए हैदराबाद और रंगा रेड्डी जिलों में मिलावट के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। GHMC के फूड सेफ्टी अधिकारियों के साथ 17 जुलाई को की गई।

इस स्पेशल ड्राइव में फूड सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करने पर 6 फूड बिजनेस ऑपरेटरों के खिलाफ कार्रवाई की गई और 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इस ऑपरेशन में फूड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स, रिटेल आउटलेट्स और प्रोसेसिंग फैसिलिटीज को टारगेट किया गया। जांच के दायरे में खाने के तेल और बासमती चावल की रीपैकिंग यूनिट, आइसक्रीम बनाने वाली यूनिट, मुरुकुलु यानी नमकीन की 2 यूनिट, एक बेकरी और किराने व सूखे मेवे की एक रिटेल दुकान शामिल थीं।

अधिकारियों को जांच में कई गंभीर कमियां मिलीं। कई जगहों पर खाना अस्वच्छ स्थितियों में तैयार और स्टोर किया जा रहा था। बार-बार गर्म किया गया खाना पकाने का ते, आर्टिफिशियल फूड कलर्स और गलत तरीके से रखे खाद्य पदार्थ इस्तेमाल हो रहे थे।

टीमों को एक्सपायर्ड और गलत लेबल वाले प्रोडक्ट्स भी मिले। कुछ यूनिट्स के पास वैध FSSAI लाइसेंस नहीं था।

इंस्पेक्शन में खराब साफ-सफाई, कीड़ों और कॉकरोच का संक्रमण, कबूतरों की गंदगी और नियमित पेस्ट कंट्रोल न होने जैसी बातें भी सामने आईं। कई जगह खाना बनाने वाले कर्मचारी बिना ग्लव्स और हेयरनेट के काम कर रहे थे। साथ ही पानी क्वालिटी रिपोर्ट, फूड टेस्टिंग रिकॉर्ड और कर्मचारियों के स्वास्थ्य दस्तावेज भी नहीं मिले।

इस कार्रवाई में दोबारा इस्तेमाल किया गया तेल, आर्टिफिशियल कलर्स और अन्य असुरक्षित खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। खाने के सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजे गए हैं। सभी 6 लोगों को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट 2006 के तहत संबंधित फूड सेफ्टी अधिकारियों को सौंप दिया गया है। बाकी यूनिट्स को कमियां दूर करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।

यह ड्राइव तेलंगाना सरकार के मिलावट विरोधी अभियान का हिस्सा है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को जीरो-टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए हैं। सरकार मिलावटी खाना बनाने और बेचने वालों के लिए सख्त कानून और कड़ी सजा के प्रावधानों पर भी विचार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *