गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की बोर्ड बैठक मंगलवार दोपहर 12 बजे प्राधिकरण सभागार में कमिश्नर अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में आयोजित होगी। बैठक में शहर के विकास, बजट और विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित आय-व्यय और 2026-27 के प्रस्तावित बजट पर चर्चा होगी। साथ ही वार्ड संख्या 7 (महादेव झारखंडी) और वार्ड संख्या 2 (सेमरा, बाबा राघवदास नगर) में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर के लिए भू-उपयोग परिवर्तन पर भी फैसला लिया जाएगा। इसके बदले 0.330 हेक्टेयर भूमि जिला प्रशासन से मांगे जाने का प्रस्ताव है।
इसके अलावा विभिन्न परियोजनाओं में अधिग्रहित जमीनों के मुआवजा बढ़ाने से जुड़े मामलों, दर निर्धारण में विसंगतियों और उच्च न्यायालय इलाहाबाद में अपील पर भी विचार होगा।
बैठक में उत्तर प्रदेश शहरी पुनर्विकास नीति-2026 को अपनाने, महायोजना 2031 के तहत पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय की क्षमता बढ़ाने तथा पीएसी महिला बटालियन के लिए भूमि उपयोग परिवर्तन पर भी चर्चा होगी। गुरुकुल सिटी योजना, सड़क निर्माण और कई गांवों में भूमि अधिग्रहण के विकल्पों पर भी मंथन होगा।


