सम्राट बने CM, पर ‘पुराना मॉडल’ रहेगा जारी; शाह-राजनाथ और नीतीश के मैसेज में छिपा बड़ा सियासी संकेत

बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी को देशभर के शीर्ष नेताओं से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है।

लेकिन इन संदेशों के बीच जो सबसे अहम संकेत उभरकर सामने आया है, वह है NDA के भीतर एकजुटता और ‘नीतीश मॉडल’ की निरंतरता।

सबसे दिलचस्प संदेश नीतीश कुमार का रहा, जिन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए उनके नेतृत्व में बिहार के और तेजी से विकास करने की उम्मीद जताई।

सम्राट चौधरी ने दिया जवाब

यह संदेश साफ तौर पर सत्ता परिवर्तन के बावजूद राजनीतिक मार्गदर्शन की निरंतरता का संकेत देता है। सम्राट चौधरी ने भी जवाब में नीतीश कुमार के योगदान को रेखांकित किया।

कहा कि बिहार को विकास, सुशासन और स्थिरता की मजबूत नींव उनके नेतृत्व में मिली है और नई सरकार उसी दिशा में आगे बढ़ेगी। इससे यह स्पष्ट होता है कि नई सरकार नए नेतृत्व के साथ पुराने विजन को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम करेगी।

गृह मंत्री और रक्षा मंत्री ने भी दी बधाई

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सम्राट चौधरी को बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शुभकामनाएं देते हुए “डबल इंजन सरकार” को और गति मिलने की बात कही।

उनका यह बयान केंद्र और राज्य के बीच समन्वय को और मजबूत करने का संकेत माना जा रहा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई सरकार को “ऊर्जा और अनुभव का संगम” बताते हुए भरोसा जताया कि यह टीम प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी “विकसित भारत-विकसित बिहार” के लक्ष्य को दोहराते हुए सम्राट चौधरी के सफल कार्यकाल की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *