जिला प्रशासन ने गांव मराड़ कलां में एक नशा तस्कर द्वारा अवैध तरीके से बनाई गई इमारत पर बुलडोजर चलाया है। इस मौके पर सिविल प्रशासन नायब तहसीलदार अरशप्रीत कौर ने बताया कि पुलिस थाना बरीवाला के अंतर्गत आने वाले गांव मराड़ कलां के गुरजीत सिंह उर्फ निक्कू पुत्र कारज सिंह द्वारा अवैध तरीके से एक इमारत बनाई गई थी।
इस संबंध में सक्षम अथारिटी से इसे गिराने के निर्देश प्राप्त कर पुलिस विभाग से मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मदद ली गई। उन्होंने बताया कि पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए इस अवैध इमारत को मंगलवार को गिराया गया।
इस मामले में मनमीत ढिल्लों एसपी (डी) ने बताया कि गुरजीत सिंह उर्फ निक्कू पर नशा तस्करी के दो मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि एसएसपी के निर्देशों के अनुसार ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के तहत जिले में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जो कोई भी नशा बेचकर संपत्ति बनाएगा उसे कंपीटेंट अथारिटी दिल्ली से अटैच करवाया जाएगा। उन्होंने इस मौके पर लोगों से भी अपील की कि यदि कोई नशा बेचता है तो इसकी सूचना पुलिस को निडर होकर दी जाए।
सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डीएसपी बचन सिंह,थाना बरीवाला के प्रभारी एसआई गुरदीप सिंह और सिविल प्रशासन भी मौजूद था।


