युवराज सिंह इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। उन्होंने हाल ही में दिए इंटरव्यू में एक से बढ़कर एक खुलासे किए हैं। हाल ही में उन्होंने अपने पिता के बयानों के लिए एमएस धोनी और कपिल देव से माफी मांगी थी। युवराज और एमएस धोनी ने लंबे समय तक ड्रेसिंग रूम शेयर किया। दोनों टी20 विश्व कप 2007 और वनडे विश्व कप 2011 जीतने वाली टीम का हिस्सा थे।
एमएस धोनी ने दोनों आईसीसी इवेंट में भारतीय टीम की कप्तानी की, जबकि युवराज दोनों ही मौकों पर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे। हाल ही में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन के साथ एक पॉडकास्ट में युवराज ने अपने पसंदीदा बल्लेबाजी साथी के बारे में बात की। माइकल वॉन ने रैपिड फायर राउंड में युवराज सिंह पर कई सवाल दागे।
- आपको कौन सा फॉर्मेट देखना और खेलना सबसे ज्यादा पसंद है?
- युवराज: टेस्ट क्रिकेट।
- आप अपने जीवन में किसके साथ बल्लेबाजी करना चाहेंगे?
- युवराज: शायद तेंदुलकर।
- आपकी पसंदीदा फिल्म?
- युवराज: फोर्ड बनाम फेरारी।
- आपका पसंदीदा एक्टर?
- युवराज: रणबीर कपूर, शाहरुख खान।
- खेलने के लिए पसंदीदा देश?
- युवराज: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड।
- क्रिकेट के अलावा पसंदीदा खेल?
- युवराज: अभी गोल्फ।
- मैनचेस्टर यूनाइटेड का पसंदीदा खिलाड़ी?
- युवराज: पहले: वैन निस्टेलरॉय, रोनाल्डो। अभी: ब्रूनो फर्नांडीज।
- पसंदीदा बल्लेबाजी पार्टनर?
- युवराज: एमएस धोनी।
- आपका पसंदीदा गेंदबाज कौन है जिसका सामना करना आपको पसंद है?
- युवराज: मैं यह नहीं बताऊंगा। मुझे शायद अपनी ही गेंदबाजी पसंद है या समित पटेल।
फुटबॉल विश्व कप कौन जीतेगा?
युवराज: आप लोग तो बिल्कुल नहीं! मेरे ससुराल वाले इंग्लैंड से हैं, इसलिए मैं चाहता हूं कि इंग्लैंड जीते। लेकिन आप लोग हर बार सेमीफाइनल में पहुंचते हैं। आपने 1966 में जीत हासिल की थी। अगली बार कब? मैं चाहता हूं कि वे जीतें क्योंकि मैं प्रीमियर लीग देखता हूं। मुझे बताइए आप लोग क्यों नहीं जीतते?
युवराज ने बताई सच्चाई
सोशल मीडिया पर हाल ही में खबर आई कि आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने युवराज सिंह को उनके छह छक्कों के लिए एक कार दी थी। युवराज सिंह ने अब सच्चाई का खुलासा किया है। युवराज ने कहा, “उन्होंने मुझसे कहा था कि अगर कोई छह छक्के मारेगा तो मैं उसे फरारी दूंगा। ऐसा ही हुआ, और मैंने पूछा, ‘मेरी फरारी कहां है?’ उन्होंने पोर्श 911 देने का वादा किया और मैंने पूछा, ‘मेरी पोर्श कहां है?’ उन्होंने कहा, ‘तुम्हें तुम्हारी कार मिल जाएगी।'”
युवराज ने बताय, “मैंने पूछा, ‘अगर मैं अगला मैच जीत गया तो क्या मुझे फरारी मिलेगी?’ उन्होंने कहा, ‘नहीं, नहीं, नहीं, तुम्हें सिर्फ पोर्श ही मिलेगी।’ लेकिन मुझे सच में उनसे मेरी कार मिल गई।” युवराज सिंह ने द ओवरलैप क्रिकेट पर बताया, “मुझे बीएमडब्ल्यू एम5 मिली। उन्होंने अपना वादा निभाया। वो अपने वचन के पक्के हैं।”


