UP से हिमाचल घुमाने के बहाने लाकर 100 मीटर गहरी खाई में धकेल दी पत्नी, चाकू से वार भी किए; झाड़ियों ने बचा ली जान

5.2kViews
1546 Shares

 हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी को पहाड़ों पर घुमाने के बहाने लाकर पति ने 100 मीटर गहरी खाई में धकेल दिया। धक्का देने से पहले चाकू से उसका गला भी रेत दिया, लेकिन गनीमत रही कि महिला की जान बच गई। पुलिस ने साजिश का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को वारदात के महज आधे घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

भाई व दोस्त के साथ मिलकर की वारदात

आरोप है कि पति ने अपने सगे भाई और दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की योजना बनाई, उसे उत्तर प्रदेश से घूमने के बहाने सोलन लाया और सुनसान स्थान पर गला रेतने के बाद करीब 80 से 100 मीटर गहरी खाई में धक्का देकर फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल महिला झाड़ियों के सहारे किसी तरह सड़क तक पहुंची, जहां स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।

पुलिस के अनुसार, पुलिस चौकी सपरून को शनिवार को सूचना मिली कि कुछ लोगों ने एक महिला को सड़क से नीचे गहरी ढांक में फेंक दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी सपरून और थाना सदर सोलन की टीमें प्रभारी थाना के नेतृत्व में मौके पर पहुंचीं और तत्काल कार्रवाई शुरू की।

प्रत्यक्षदर्शी पहुंचा पुलिस के पास

जांच के दौरान बड़ोग निवासी प्रत्यक्षदर्शी नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 10 जुलाई की रात करीब 8:15 से 8:30 बजे के बीच उन्होंने देहूंघाट के पास तीन युवकों को एक युवती के साथ देखा। कुछ आगे जाने के बाद उन्हें संदेह हुआ, तो वे वापस लौटे। उन्होंने देखा कि तीनों युवकों ने युवती को सड़क से गहरी ढांक में धक्का दे दिया और वहां से नगाली की ओर पैदल फरार हो गए। मौके पर पैराफिट के पास खून के निशान भी मिले।

पुलिस ने रेस्क्यू की महिला

पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया। घायल महिला झाड़ियों से निकलकर बाईपास रोड तक पहुंच गई थी, जहां से उसे पहले सिविल अस्पताल सोलन और बाद में गंभीर हालत में आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।

तीनों आरोपित गिरफ्तार

28 वर्षीय मदन कुमार पुत्र राम रंगीला, निवासी गांव चौधार्याप फकुरवा, डाकघर कतरा बाजार, तहसील करनैलगंज, जिला गौंडा (उत्तर प्रदेश) और 28 वर्षीय दलीप कुमार पुत्र शालिगराम और उसका भाई 20 वर्षीय शिवम दोनों निवासी गांव सिसवारा, डाकघर एवं तहसील नानपारा, जिला बहराइच उत्तर प्रदेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक पूछताछ में क्या निकला

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि घायल महिला आरोपित दलीप कुमार की पत्नी है। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, दलीप ने अपने भाई शिवम और दोस्त मदन के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत उसे घूमने के बहाने सोलन लाया गया, जहां पहले उसके गले पर चाकू से हमला किया गया और फिर हत्या की नीयत से गहरी ढांक में फेंक दिया गया। वारदात के बाद तीनों उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घटना के लगभग आधे घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की कार्रवाई शुरू

इस मामले में थाना सदर सोलन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा उनके आपराधिक रिकॉर्ड का भी सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *