मध्य प्रदेश के सागर जिले में शनिवार तड़के एक कार में अचानक आग लग गई। हादसे में कार सवार एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। महिला का डाक्टर पति और उसके दो अन्य साथी कूदकर बच निकलने में कामयाब रहे।
पति का कहना है कि अचानक धमाका हुआ और कार में आग लग गई। वहीं मृतका के स्वजन का आरोप है कि डाक्टर ने अपनी पत्नी की हत्या के लिए आग की साजिश रची है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि 42 वर्षीय डॉ. नीलेश पटेल अपनी 38 वर्षीय पत्नी सीमा व अपने दो कर्मचारियों के साथ सुबह सागर आ रहे थे। कार के अगले हिस्से में आग लगी।
कार को नीलेश चला रहा था, जबकि पीछे वाली सीट में अचेत अवस्था में पत्नी सीमा व उनकी क्लीनिक का कंपाउंडर बैठा था। आग लगते ही नीलेश और उसके दोनों क्लीनिक स्टाफ कार से तो उतरने में कामयाब रहे, लेकिन सीमा को वह कार से नहीं निकाल पाए। कार में ड्राइवर साइड के दोनों गेट लॉक मिले हैं।
नीलेश ने बताया कि सीमा को अचानक सीने में दर्द होने के बाद वे उसे अस्पताल ला रहे थे। मृतका के भाई ने कहा कि नीलेश ने सोची समझी साजिश के तहत सीमा की हत्या की है। उसने पहले एक्सीडेंट बताया, फिर आग की सूचना दी।
इसके पहले भी अकसर दोनों में विवाद हो रहता था। पुलिस ने पति से पूछताछ शुरू कर की है। थाना प्रभारी सनौधा भरत ¨सह ठाकुर का कहना है कि घटना स्थल की जांच कर सत्यता का पता लगाया जा रहा है।


