उखड़े पेड़, ढही दीवारें और गिरी छत… पाकिस्तान में भीषण तूफान से तबाही, कराची में 21 लोगों की मौत

पाकिस्तान के कराची में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान और तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई। पुलिस और राहत अधिकारियों के अनुसार, इस इसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हुए हैं। मौसम विभाग ने बताया कि कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 97 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई।

कराची में भीषण आंधी-तूफान से 21 लोगों की मौत

सबसे ज्यादा जानलेवा घटना बाल्डिया टाउन इलाके में हुई, जहां एक दीवार गिरने से 13 लोग मारे गए। ये लोग बारिश से बचने के लिए दीवार के पास खड़े थे, लेकिन तेज हवाओं ने दीवार को ढहा दिया।

अन्य घटनाओं में कुरंगी नंबर 3 में एक महिला की मौत छत गिरने से हुई, मेमन गोठ में हजरत नामक व्यक्ति बिजली के झटके से मारा गया, गुलिस्तान-ए-जौहर में चार साल की बच्ची पर दीवार गिरने से मौत हो गई, और नीलम कॉलोनी में एक महिला पर पेड़ गिरने से उसकी जान चली गई।

शहर में पेड़ उखड़े, छतें उड़ीं, बिजली गुल

तेज हवाओं ने शहर भर में पेड़ उखाड़ दिए, छतें उड़ा दीं, बिजली के खंभे गिराए और कई जगहों पर कुर्सियां व अन्य सामन हवा में उड़ती दिखीं। सड़कों पर मलबा बिखर गया, जिससे यातायात ठप हो गया।

रेस्क्यू 1122 की टीमें लगातार मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने में जुटी हैं। कई इलाकों में बिजली गुल होने से हालात और बिगड़ गए। मौसम विभाग ने आगे भी खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *