गाजीपुर में भूसा बनाने वाली मशीन की चपेट में आने से चालक की मौत

1826 Shares

क्षेत्र की ग्राम पंचायत वीरपुर में वीरपुर-पलिया मार्ग के किनारे सोनी के डेरा निवासी ट्रैक्टर चालक विमलेश यादव (27) की भूसा बनाने वाली मशीन की जद में आने से मौत हो गई। विमलेश यादव अपने पांच भाइयों में सबसे सबसे छोटा था।

मृतक विमलेश से बड़ा भाई कमलेश यादव चेन्नई में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करता है जबकि अन्य भाई रविंद्र यादव, रमेश यादव तथा उमेश यादव घर का लगभग एक एकड़ अपना निजी खेत के अलावा दूसरों से कुछ खेत पेशगी पर लेकर खेती करते हैं।

विमलेश यादव के परिवार में ट्रैक्टर ट्रॉली है, जिसे विमलेश यादव चलाकर खेत जोतने व भाड़े पर सामान ढोने काम करता था। शुक्रवार को पलिया निवासी बब्बन यादव अपनी भूसा बनाने वाली मशीन चलाने के लिए विमलेश यादव से संपर्क किया।

बब्बन यादव के अनुसार उनके कहने पर मजदूरी तय करके विमलेश भूसा की मशीन चलाने के लिए बब्बन यादव की गाड़ी पर आ गया जबकि विमलेश के पिता घनश्याम यादव ने बताया कि पहले तो विमलेश जाने के लिए आनाकानी कर रहा था लेकिन बब्बन के कई बार कहने पर वह बब्बन यादव का ट्रैक्टर चलाने के लिए गया।

शुक्रवार की रात वीरपुर के बंशी मौजा(कोठौना) में वीरपुर के किसान के खेत में इसी भूसा बनाने वाली मशीन से भूसा बन रहा था। भूसा बनाने और ढोने वाले अलग अलग ट्रैक्टर ट्राली को चलाने के लिए दो चालकों की आवश्यकता थी। बब्बन यादव की गाड़ी का एक अन्य चालक पलिया निवासी दिनेश गोड़ और मशीन मलिक बब्बन यादव भी वहीं थे।

बब्बन यादव दोनों चालकों दिनेश गोंड़ और विमलेश यादव को खाना लेने के लिए घर आ गए। बब्बन यादव के अनुसार दिनेश गोंड़ भी पानी पीने के लिए थोड़ी ही दूर पर चला गया।

इस दौरान भूसा बनाने की मशीन को चला रहा विमलेश यादव किसी तरह अनियंत्रित होने के कारण गिरकर मशीन की चपेट में आ गया। मशीन की चपेट में आने से विमलेश यादव का दाहिना हाथ और बांया पैर पूरी तरह कट कर अलग हो गया जबकि बांये हाथ की कुछ उंगलियां और दाहिना पैर भी घुटने तक कट कर अलग हो गया था।

घटना की सूचना मोबाइल के जरिए स्वजन को लगभग 11:45 बजे मिली स्वजन और पास पड़ोस के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, इस दौरान विमलेश यादव का आधा कटा हुआ दाहिना पैर तो मिला लेकिन कट कर अलग हुए बायां पैर और दाहिना हाथ कहीं नहीं मिल सका।

स्वजन घटना की जानकारी पुलिस को देने की साथ ही विमलेश यादव के क्षतविक्षत शरीर को लेकर जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने विमलेश यादव को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होते ही विमलेश यादव के परिवार में कोहराम मच गया।

उनकी माता लीलावती देवी तथा बहन रीता, गीता, रीना सहित अन्य महिलाओं का रोते-रोते बुरा हाल था। थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि मृतक विमलेश यादव के शव को रात में ही मर्चरी हाउस में रखवा दिया गया, जहां विधिक करवाई करते हुए पोस्टमार्टम कार्रवाई की जाएगी।

एसओ संतोष कुमार राय ने बताया कि कि इस संबंध में तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वजनों ने बताया कि युवक मिर्गी रोग से पीड़ित था। एक वर्ष पहले वह ट्रैक्टर खेत जोत रहा था तो उस वक्त भी उसे मिर्गी आ गई थी, लेकिन उस वक्त बच गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *