RPF की ईमानदारी: राजधानी एक्सप्रेस में महिला यात्री का Apple Tablet छूटा, चंद घंटों में सुरक्षित लौटाया

4.6kViews
1694 Shares

 

नई दिल्ली–रांची राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20408) में एक यात्री का छूटा टैबलेट आरपीएफ की तत्परता से सुरक्षित वापस दिला दिया गया।

गढ़वा रोड से रांची तक एस्कार्टिंग ड्यूटी के दौरान आरपीएफ पोस्ट लोहरदगा के एएसआई एम सिंह अपनी टीम के साथ ट्रेन में तैनात थे। कोच संख्या एच-2 में जांच के दौरान एक यात्री शशांक सिंह ने एस्कार्ट टीम को सूचना दी कि एक बर्थ पर टैबलेट पड़ा हुआ है।

इस पर आरपीएफ टीम ने तत्काल कोच में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन कोई भी व्यक्ति उस टैबलेट का दावा करने आगे नहीं आया।

इसके बाद टीम ने टीटीई रंजन कनौजिया से संपर्क किया, जिससे जानकारी मिली कि संबंधित बर्थ पर यात्रा करने वाली महिला यात्री दूसरे स्टेशन पर उतर चुकी हैं।

बाद में एएसआई एम सिंह ने संबंधित यात्री से संपर्क किया। यात्री ने अपना नाम आरती सिंह (उम्र 54 वर्ष) बताया और पुष्टि की कि वह नई दिल्ली से डालटनगंज तक यात्रा कर रही थीं।

वह जल्दबाजी में अपना एप्पल कंपनी का टैबलेट ट्रेन में ही भूल गई थीं। यात्री ने बताया कि वह अपना सामान लेने के लिए आरपीएफ पोस्ट लोहरदगा पहुंचेगी।

इसके तहत 10 अप्रैल 2026 को उनके भतीजे कुमार रंजन सिंह आरपीएफ पोस्ट पहुंचे और आवश्यक आवेदन दिया। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद लगभग 90,000 रुपये मूल्य का टैबलेट उन्हें विधिवत सौंप दिया गया।

इस सराहनीय कार्य के लिए एएसआई एम सिंह के साथ ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान धर्मेंद्र कुमार, संजीत कुमार और सुशील यादव की तत्परता और ईमानदारी की प्रशंसा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *