पश्चिमी चंपारण की 4 पहाड़ी नदियों पर पुल निर्माण को मंजूरी, 12 से अधिक गांवों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

 पश्चिमी चंपारण जिले के सिकटा प्रखंड के सिकरहना नदी में कदमवा घाट, ओरिया नदी में सतगढ़ही घाट व करताहा नदी में बैरगनिया घाट एवं मैनाटांड प्रखंड के बेहरी बंगाली कॉलनी के पास रांगी नदी में पुल बनेगा।

इसकी स्वीकृति सरकार से मिली गई है। इससे दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके लिए शुक्रवार को मुजफ्फरपुर से पहुंची सर्वेयर टीम ने पुल निर्माण को लेकर सर्वेक्षण किया।

सर्वेयर अनंत कुमार व कनीय अभियंता अजीत कुमार ओझा ने बताया कि इस पुल का निर्माण ग्रामीण कार्य विभाग से कराया जाएगा। इसका कार्यारम्भ इस वित्तीय वर्ष के अंत में होना लगभग तय है।

अगले वित्तीय वर्ष तक पुल बनकर तैयार हो जाएगा। इसकी मंजूरी विधायक समृद्ध उर्फ आयुष वर्मा के अनुशंसा के बाद मिली है। कनीय अभियंता ने बताया कि पुल निर्माण के लिए जगह का सर्वेक्षण के बाद DPRO तैयार कर ग्रामीण कार्य विभाग को भेजा जाएगा। जिसकी मंजूरी मिलने के बाद प्राकल्लन के मुताबिक निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

आवागमन हो जाएगा सुगम

सिकरहना नदी में कदमवा घाट पर पुल बनने से सिकटा प्रखंड मुख्यालय से सरिस्का होते हुए जिला मुख्यालय की दूरी घटेगी। वहीं सोनवर्षा, खाप टोला, कदमवा के छात्रों को सरिसवा पढ़ने जाने में नदी पार नहीं करना पड़ेगा।

वहीं, शतगढ़ही के पूरब ओरिया नदी में पुल बनने से पूर्वी चंपारण का गाद गम्हरिया व रामगढवा आदि पश्चिम चंपारण के जगन्नाथपुर, सरगटिया पंचायत से सीधा जुड़ जायेगा।

उधर, करताहा नदी में बैरगनिया घाट पर पुल निर्माण से परसौनी, धनकुटवा आदि पंचायत नरकटियागंज प्रखंड के भपटा, सोमगढ, साठी के बीच सीधा सम्पर्क स्थापित होगा।

वहीं, मैनाटांड़ के बेहरी बंगाली कॉलनी, रामपुर, चपरियाटोला का सड़क सम्पर्क कोटवा, शिशवा, जोसौली होते हुये भंगहा थाना मुख्यालय से जुड़ेगा।

पुल निर्माण होने की खबर से इन इलाकों के लोगों में काफी खुशी है। मौके पर धनंजय सिंह, जयंत ओझा, उमाशंकर यादव, राकेश सिंह, शिवशंकर यादव आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *