मुरथल रोड पर एक अनियंत्रित कार सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में पॉलिटेक्निक छात्र की मौत हो गई। जबकि उसका चाचा और दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि उनको कार से निकालने के लिए शीशे और दरवाजे तोड़ने पड़े। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
चाचा के साथ खाना खाने गया था मुरथल
गांव तिहाड़ खुर्द निवासी 19 वर्षीय सुधांशु पॉलिटेक्निक में केमिकल इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह पढ़ाई के साथ-साथ रात में ब्लिंकिट में पार्ट टाइम डिलीवरी जॉब भी करता था। सुधांशु रात को ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने दोस्तों और चाचा के साथ मुरथल की तरफ घूमने और खाना खाने गया था।
वापसी में मुरथल रोड पर गीतांजलि गार्डन के सामने बजाज फोर व्हीलर शोरूम के पास तेज रफ्तार होने के कारण कार से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से कार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के दौरान कार में सवार युवक बुरी तरह फंस गए और आसपास के लोग ने दरवाजे और शीशे तोड़कर बाहर निकाला। अस्पताल ले जाया गया तो सुधांशु की मौत हो चुकी थी।


