NIOS की परीक्षा कल से, केंद्रों को ई-मेल से मिलेंगे प्रश्नपत्र

 राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआइओएस) की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 10 अप्रैल से शुरू होंगी। परीक्षाएं मई के प्रथम सप्ताह तक संचालित होंगी। प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं को ध्यान में रखकर एनआइओएस ने इस बार बड़ा बदलाव किया है।

अब प्रश्नपत्र को परीक्षा केंद्रों की ई-मेल आइडी पर परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पहले उपलब्ध कराया जाएगा। केंद्र प्रश्नपत्रों का प्रिंटआउट निकालकर परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराएंगे। अभी तक प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्र के नजदीक स्थित राष्ट्रीय बैंक में परीक्षा शुरू होने के करीब एक सप्ताह पहले उपलब्ध कराया जाता था।

वहां से परीक्षा नियंत्रक परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले प्रश्नपत्र लेकर केंद्र पर आते थे। इस प्रक्रिया में प्रश्नपत्र की गोपनीय भंग होने की आशंका रहती थी। इस आशंका को इस बार से खत्म कर दिया गया है। प्रदेश भर में एनआइओएस के 87 केंद्र हैं। इन पर सम्मिलित होने के लिए 14 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *