गोरखपुर में शादी वाले घरों की टेंशन हुई दूर, मिलेगा सिलिंडर भरपूर

 शादी वाले घरों में सिलिंडर को लेकर बढ़ी चिंता का समाधान हो गया है। जिनके घर में शादी है उन्हें रसोई गैस सिलिंडर के लिए जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ शादी का कार्ड भी देना होगा। जिला पूर्ति अधिकारी आवश्यकता का परीक्षण कर सिलिंडर देने की अनुमति देंगे।

अनुमति का पत्र तेल कंपनियों के अधिकारियों के पास लेकर जाना होगा। वहां कमर्शियल (वाणिज्यिक) सिलिंडर की सुरक्षा राशि जमा कराकर संबंधित एजेंसी के लिए पत्र लिखा जाएगा। एजेंसी पर पहुंचकर पत्र देने के बाद गैस का निर्धारित रेट भुगतान करने के बाद सिलिंडर मिलेगा। निर्धारित अवधि में खाली सिलिंडर संबंधित एजेंसी पर वापस करने के बाद तेल कंपनियों के अधिकारियों को सूचित करना होगा। तब यहां जमा सुरक्षा राशि वापस की जाएगी।मार्च के पहले सप्ताह में रसोई गैस का संकट गहराने के साथ ही कमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति पर भी असर पड़ गया था। कनेक्शन पर डिजिटल अथेंटिकेशन कोड (डीएसी) देने पर ही घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति मिल रही है। कमर्शियल सिलिंडर बंद होने के कारण होटल, रेस्टोरेंट आदि व्यवसाय पर बुरी तरह असर पड़ा है। घरेलू गैस सिलिंडर के लिए अब भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

14 अप्रैल के बाद से शुरू होंगे शादी-ब्याह
14 अप्रैल के बाद से शादी-ब्याह शुरू होंगे। जिनके घर में आयोजन हैं, उनको सबसे ज्यादा टेंशन सिलिंडर को लेकर है। सिलिंडर न मिलने के कारण मजबूरी में लकड़ी पर भोजन पकाना पड़ता। सिलिंडर की कमी को देखते हुए कई लोगों ने शादी भी स्थगित कर दी है। अब जिला प्रशासन और तेल कंपनियों के बीच बने समन्वय के बाद ऐसे घरों में सिलिंडर की आपूर्ति दी जा सकेगी।

महंगा पड़ेगा पर जरूरत भी है
14.2 किलोग्राम वजन के घरेलू गैस सिलिंडर की वर्तमान कीमत 975 रुपये है। 19 किलोग्राम वजन के कमर्शियल सिलिंडर की कीमत 2285 रुपये है। यानी प्रति किलोग्राम घरेलू गैस 68.67 रुपये तो कमर्शियल 120.25 रुपये में मिल रही है। दोनों के रेट में प्रति किलोग्राम 51.59 रुपये का अंतर है, लेकिन जरूरतमंद खुश हैं कि गैस संकट के बीच उन्हें अपने वक्त पर कमर्शियल सिलिंडर मिल जाएगा।

बाक्स
एक्जम्प्टेड श्रेणी वालों को कोई दिक्कत नहीं
गोरखपुर: तेल कंपनियों ने आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों को एक्जम्प्टेड श्रेणी में रखा है। इन संस्थानों को पहले की तरह ही सिलिंडर की आपूर्ति दी जा रही है। खास बात यह है कि संस्थानों को घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जाती है। इस श्रेणी में मिड डे मील, जेल, थाना, सरकारी मेस आदि को शामिल किया गया है। इन संस्थानों को कनेक्शन दिया गया है। साथ ही सिलिंडर की संख्या भी निर्धारित कर दी जाती है। इस श्रेणी के ग्राहकों को संबंधित रसोई गैस एजेंसी से समय-समय पर सिलिंडर मिलता रहता है।

कोट
जिनके घर में आयोजन है, उनको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आयोजनों के लिए कमर्शियल सिलिंडर दिए जाएंगे। इसके लिए कार्यालय में आवेदन करना होगा। आवश्यकता का परीक्षण कर सिलिंडर के लिए तेल कंपनियों के अधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा। वहां अस्थायी कनेक्शन जारी किया जाएगा और संबंधित एजेंसी से कमर्शियल सिलिंडर दे दिए जाएंगे।
रामेंद्र प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *