खगड़िया जंक्शन पर 6.23 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन फुटओवर ब्रिज (एफओबी) के छत की ढलाई का कार्य सोमवार से युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। मौके पर उपस्थित राय कंस्ट्रक्शन के शिवम कुमार ने बताया कि छत की ढलाई का कार्य सोमवार को शुरू हुआ है, जो जल्द ही पूरा हो जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, 12 मीटर चौड़ी निर्माणाधीन फुटओवर ब्रिज होकर यात्रियों का आवागमन दो माह में शुरू होने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
परियोजना से जुड़े इंजीनियरों ने बताया कि निर्माणाधीन फुटओवर ब्रिज को फिलहाल पुराने फुटओवर ब्रिज के सीढ़ी से जोड़ने की योजना है। जिससे पुराने फुटओवर ब्रिज के सीढ़ी के माध्यम से ही नवनिर्मित फुटओवर ब्रिज पर यात्रियों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
संवेदक शिवम कुमार ने बताया कि एफओबी के छत की ढलाई का कार्य पूरा होते ही नवनिर्मित एफओबी को पुराने पुल की सीढ़ी से जोड़ने एवं सर्कुलेटिंग एरिया वाले क्षेत्र में रैंप का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रैंप को नवनिर्मित एफओबी से जोड़ने की योजना है। एफओबी के छत ढलाई की क्यूरिंग (ढलाई पर पानी का जमाव) प्रक्रिया पूरा होते ही उस पर ग्रेनाइट लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
एफओबी के पश्चिमी हिस्से में बनेगा एस्केलेटर
मालूम हो कि गति शक्ति योजना के तहत एफओबी के पश्चिमी हिस्से में प्लेटफॉर्म संख्या एक, दो एवं तीन पर एस्केलेटर (स्वचालित सीढ़ी) का निर्माण किया जाना है। एस्केलेटर को नवनिर्मित एफओबी से जोड़ा जाएगा। जिससे यात्रियों को ट्रेन का सफर आसान होगा।


