बलिया में प्रसव के बाद महिला की मौत पर बवाल, परिजनों ने लगाया लापरवाही और वसूली का आरोप

3.4kViews
1635 Shares

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत के बाद सोमवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इलाज में घोर लापरवाही और धन उगाही के आरोपों के बीच आक्रोशित स्वजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी ने भारी पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला।

प्रशासन ने पीड़ित पक्ष की शिकायती पत्र को जांच के लिए चिकित्सा अधीक्षक को सौंप दिया है। स्वजन ने अस्पताल कर्मियों पर प्रसव के बदले 11 हजार रुपये की मांग करने और पांच हजार रुपये वसूलने का आरोप भी लगाया है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल एहतियात के तौर पर अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात है।

गोड़धप्पा निवासी राकेश पटेल की पत्नी रूबी देवी को रविवार दोपहर सीएचसी में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद शुरू हुए अत्यधिक रक्तस्राव ने स्थिति गंभीर कर दी। स्वजनों का आरोप है कि रात भर गुहार लगाने के बावजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने ध्यान नहीं दिया और न ही समय रहते उन्हें रेफर किया। सोमवार भोर में जब उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद स्वजन शव लेकर सीएचसी पहुंच गए और हंगामा करने लगे।

थोड़ी ही देर में ग्राम प्रधान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। बवाल बढ़ता देख कई थानों की फोर्स बुलानी पड़ी। मौके पर पहुंचे सीओ व एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी ने पीड़ित पक्ष से वार्ता कर उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। पीड़ित परिवार ने तहरीर देकर दोषी डाक्टर और एएनएम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मृतका के तीन छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठने के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *