पलवल के नवनियुक्त एसपी ने संभाला कार्यभार, बोले- अपराधियों में खौफ और जनता में विश्वास पैदा करना ही मुख्य लक्ष्य

7.8kViews
1211 Shares

 हरियाणा सरकार द्वारा हाल ही में किए गए पुलिस विभाग के फेरबदल के बाद भारतीय पुलिस सेवा (के 2017 बैच के अधिकारी नीतीश अग्रवाल ने सोमवार को पलवल जिले के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर डीएसपी (मुख्यालय) साहिल ढिल्लों व अन्य पुलिस अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

मुंबई आईआईटी से बीटेक कर चुके नीतीश अग्रवाल साइबर अपराधों को सुलझाने में विशेषज्ञ माने जाते हैं और पूर्व में हरियाणा के कई जिलों में बतौर एसपी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। मिलनसार स्वभाव के धनी श्री अग्रवाल अपराधियों और मोस्ट वांटेड बदमाशों के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई के लिए विख्यात हैं।

संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर

पदभार संभालने के तुरंत बाद एसपी नीतीश अग्रवाल ने जिले की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर अपना रोडमैप साझा किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए नशे की सप्लाई चेन को तोड़ना और तस्करों पर नकेल कसना प्राथमिकता रहेगी।

महिला संबंधी अपराधों पर संवेदनशीलता से कार्य होगा। साथ ही, बढ़ती साइबर ठगी को रोकने के लिए विशेष रणनीति और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। पलवल की उत्तर प्रदेश और अन्य जिलों से लगती सीमाओं पर सीसीटीवी का जाल बिछाया जाएगा ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा सके।

सड़कों पर जाम से मुक्ति और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नियमों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित की जाएगी। अवैध शराब, सट्टा और जुआ खिलाने वालों के विरुद्ध जिला स्तर पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

साथ ही उन्होंने कहा कि व्यापारियों से रंगदारी और उनके साथ अपराध करने वाले बदमाशों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निपटारा किया जाएगा। उन्होंने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी निर्देश दिए कि जनता के साथ तालमेल बनाकर कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *