सरकारी बस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। भागलपुर परिवहन निगम में जल्द ही बस सेवाओं को पूरी तरह से डिजिटल रूप दिया जाएगा। इसको लेकर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है।
चरणबद्ध तरीके से यह राज्य के सभी परिवहन प्रमंडलों में लागू होगा। अभी यात्रियों को ई-टिकटिंग मशीन के माध्यम से टिकट लेने की सुविधा और ऑनलाइन पेमेंट करने की सुविधा उपलब्ध है।
इस नई व्यवस्था के तहत अब यात्री घर बैठे ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे, जिससे लंबी कतारों और समय की बचत होगी। साथ ही परिवहन निगम की योजना के अनुसार, नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए मासिक पास की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
इससे दैनिक यात्रियों को सस्ती और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा। खासकर छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों के लिए यह व्यवस्था काफी उपयोगी साबित होगी।
आपको बता दें कि भागलपुर परिवहन निगम के अंतर्गत भागलपुर डिपो से रोजाना 22 बसें चलती हैं। इसके अलावा अंडरटेकिंग में दो दर्जन से ज्यादा बसों का परिचालन होता है। 15 अप्रैल तक में 22 नई बसें भी आने वाली हैं।
बसों में लगाए जाएंगे डिजिटल डिस्प्ले
परिवहन निगम से जुड़े अधिकारियों की मानें तो अब जो भी नई बसें आएंगी, उनमें डिजिटल डिस्प्ले रहेगा। दरअसल, बसों में रूट से संबंधित किसी भी तरह की भ्रम की स्थिति को खत्म करने के लिए डिजिटल डिस्प्ले लगाए जाएंगे, जिसमें बस का रूट नंबर और गंतव्य स्पष्ट रूप से दिखेगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए बसें अब केवल निर्धारित स्टॉप पर ही रुकेंगी, जिससे यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी। परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार यह व्यवस्था जून से शुरू होने की संभावना है।


