अमृत 2.0 योजना से बदलेगी पलवल की सूरत, 332 करोड़ से सीवरेज और 522 करोड़ से वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट होगा तैयार

 हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सकारात्मक राजनीति के माध्यम से विकास कार्यों को गति दे रही है और पलवल में पहली बार इतने बड़े स्तर पर सीवरेज सिस्टम को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया गया है। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम रविवार को पलवल में वार्ड नंबर-12 जवाहर नगर कैंप स्थित धीगड़ा भवन परिसर में पानी एवं सीवरेज लाइन परियोजना का विधिवत नारियल फोड़कर शुभारंभ करते हुए बोल रहे थे।

522 करोड़ की लागत से सुधरेगी जलापूर्ति

उन्होंने कहा कि अमृत 2.0 योजना के तहत लगभग 332 करोड़ रुपये की लागत से पूरे शहर में सीवरेज और रैनीवेल परियोजना के तहत लगभग 522 करोड़ रुपए की लागत से जल आपूर्ति नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा। यह परियोजना पलवल के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगी, जिससे वर्षों पुरानी जल निकासी और पेयजल समस्याओं का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहत लाइन पार के इलाकों में जल निकासी और मीठा पानी उपलब्ध हो, इसको लेकर विशेष तौर पर संसाधन और कार्य तेजी से किए जाएंगे। वहीं विकास कार्य करवाकर सरकार लाइन पार के इलाकों की सूरत बदलने को लेकर प्रतिबद्ध है।

विकास कार्यों के बाद मिलेगी स्थायी राहत

खेल राज्य मंत्री ने कहा कि बड़े विकास कार्यों के बाद मिलने वाली सुविधाएं लंबे समय तक लाभकारी होंगी। यह परियोजना भविष्य में बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित करेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कार्यों के दौरान धैर्य रखें और प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और जनता को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *