लंका थाना क्षेत्र के रमना नुवांव सब्जी मंडी के समीप शनिवार की रात कारण साढ़े 10 बजे अज्ञात कार सवारों ने बाइक से घर जा रहे चाचा भतीजा पर लक्ष्य करके गोली मारी । संयोग अच्छा रहा गोली बाएं हाथ में लगी और दोनों बच गए। नुवांव लंका के रहने वाले अरुण सिंह का आरोप है कि वह अपने भतीजे पवन सिंह के साथ सुसुवाही कर्मनवीर से बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान बाईपास चौराहे से क्रेटा गाड़ी पीछा करते हुए ओवरटेक करने लगी। घर से थोड़ी दूर पहले ही क्रेटा कार में बैठे बदमाश ने गोली चला दी। अरुण का कहना है कि वह झुक गए जिसके कारण गोली उनको न लगकर भतीजे के हाथ में लग गई। इसके बाद बदमाश एक और फायर किए लेकिन वह दूर से निकल गया।
गोली की आवाज सुनकर जबतक लोग बाहर आते तबतक बदमाश कार लेकर प्रयागराज की तरफ भाग निकले। अरुण ने बताया कि काले रंग की कार थी और प्रयागराज का नंबर शुरू में लिखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को स्वजनों के साथ ट्रामा सेंटर पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी हो गई।
गोली चलने की सूचना पर घायल के स्वजन काफी दहशत में हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित के अनुसार कार सवार बार बार हॉर्न बजा रहे थे इसी को लेकर कुछ विवाद हुआ है। घटना की जांच सीसीटीवी फुटेज से की जा रही है। मुकदमा दर्ज की कार्रवाई की जाएगी।


