नवागत पुलिस कप्तान ने मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस पहुंचकर चार्ज ग्रहण कर लिया। सोमवार को जिले के एसएसपी श्याम नारायण सिंह का तबादला लखनऊ एसडीआरएफ के लिए हो गया। जबकि जिले की कमान 2016 के आईपीएस अधिकारी डॉक्टर ईलामारन जी को सौंपी गई है।
पुलिस लाइन पहुंचे एसएसपी
डॉक्टर ईलामारन जी ने मंगलवार शाम पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस पहुंचकर चार्ज ग्रहण किया। कहा कि जिले की कानून व्यवस्था को बेहतर बनाना और लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास को बढ़ाना पहली प्राथमिकता है।
एसएसपी ने दी अपराधियों को चेतावनी
अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। नवागत एसएसपी ने कहा कि अपराधी या तो जिला छोड़ दें या अपराध करना बंद कर दें। इस दौरान एएसपी श्वेताभ पांडेय, सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
गैंगस्टर एक्ट के दोषी को दो वर्ष की सजा
जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत न्यायालय ने दो अलग-अलग मामलों में दोषियों को कठोर कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई है।
पहला मामला शहर के हिंदू नगर निवासी करन को मंगलवार को गैंगस्टर कोर्ट ने साक्ष्यों के आधार पर दोषी करार देते हुए दो वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। साथ ही दोषी पर 5000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।
वहीं, दूसरे मामले में श्याम नगर निवासी राहुल के विरुद्ध वर्ष 2021 में नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में थाना कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले की सुनवाई करते हुए एडीजे प्रथम न्यायालय ने राहुल को छह माह के कठोर कारावास और 8000 रुपये के जुर्माने से दंडित किया है। इन सजाओं को सुनिश्चित कराने में जनपदीय मॉनिटरिंग सेल का विशेष योगदान रहा।


