साइबर अपराधियों ने वेव सिटी निवासी महिला डॉक्टर से बिजली का बिल अपडेट करने के नाम पर दो लाख रुपये ठग लिए। उनके पास 31 मार्च को एक व्यक्ति ने फोन कर स्वयं को बिजली विभाग से बताया और कहा कि उनका बिल अपडेट नहीं है।
कनेक्शन कटने से बचने के लिए उन्हें एक एप भेजा जा रहा है। एप डाउनलोड कर फार्म भरें और 50 रुपये की फीस चुका दें उनका बिल अपडेट हो जाएगा। डॉ. आभा मित्तल ने ठग की बातों में आकर भेजे गए लिंक के जरिए एप डाउनलोड कर 50 रुपये शुल्क के नाम ट्रांसफर भी कर दिए।
इसके बाद उनका मोबाइल ठग ने हैक कर लिया। कई बार में उनके खाते से दो लाख रुपये निकाल लिए गए। मामले में परेशान होकर पीड़िता ने वेव सिटी थाने में मोबाइल नंबर के आधार पर केस दर्ज कराया है।
इस तरह के फ्रॉड से बचने के लिए आप किसी के कहने पर कोई एप डाउनलोड न करें। साथ ही अपनी गोपनीय जानकारी जैसे बैंक डिटेल और ओटीपी शेयर करने से बचें।


