सोनभद्र में घरेलू गैस सिलिंडर के लगातार बढ़ते दामों से गड़बड़ाने लगा रसोई का बजट

1766 Shares

 घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलिंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ती जा रही है। जिले में सात मार्च 2026 को घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी, जिसके बाद 937 रुपये में मिलने वाला सिलिंडर 997 रुपये का हो गया था। अब रविवार को एक बार फिर 29 रुपये की बढ़ोतरी के साथ घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत 1026 रुपये पहुंच गई है।

लगातार बढ़ रहे गैस सिलिंडर के दामों का सीधा असर मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों की रसोई पर पड़ रहा है। गृहिणियों का कहना है कि पहले से ही खाद्य पदार्थों, सब्जियों, दालों और अन्य जरूरी सामानों की कीमतें बढ़ी हुई हैं। ऐसे में गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने से घरेलू बजट का संतुलन बिगड़ता जा रहा है।

कुछ ही महीनों में सिलिंडर 89 रुपये महंगा हो चुका है। हर महीने सीमित आय में घर का खर्च चलाने वाले परिवारों के लिए यह अतिरिक्त बोझ बनता जा रहा है। खासकर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों और मजदूर वर्ग के लोगों को सिलिंडर भरवाने में कठिनाई हो रही है।

बोले उपभोक्ता

कुछ महीने पहले तक सिलिंडर 937 रुपये में मिल रहा था, अब 1026 रुपये का हो गया है। रसोई का खर्च लगातार बढ़ रहा है। घर का बजट संभालना मुश्किल हो गया है। – इंदू शर्मा

उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन तो मिल गया, लेकिन बार-बार बढ़ते दाम के कारण समय पर सिलिंडर भरवाना मुश्किल हो जाता है। कई बार मजबूरी में चूल्हे का सहारा लेना पड़ता है। – गीता देवी

महंगाई पहले से ही चरम पर है। दाल, तेल और सब्जियों के दाम बढ़े हुए हैं। ऐसे में गैस सिलिंडर महंगा होने से मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। – गुलाब सिंह

मार्च से अब तक सिलिंडर 89 रुपये महंगा हो चुका है। आमदनी नहीं बढ़ रहा, लेकिन रोजमर्रा की चीजें लगातार महंगी हो रही हैं। सरकार को घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देनी चाहिए।- सत्यप्रकाश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *