ओडिशा में गर्मी ने दिखाए तेवर, 9 शहरों में पारा 40 के पार; 5 अप्रैल से राहत मिलने के आसार

 ओडिशा में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को ओडिशा के 9 शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सबसे अधिक तापमान झारसुगुड़ा में 41.6 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया।

अनुगुल में 40.7 डिसे, टिटलागढ़ व भद्रक में 40.5 डिसे, हीराकुद में 40.4 डिसे और बलांगीर में 40.3 डिसे तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं संबलपुर, पारलाखेमुंडी और तालचर समेत कई शहरों में पारा 40 डिसे के करीब रहा।

तटीय जिलों बालेश्वर, भद्रक, केंद्रापड़ा और जगतसिंहपुर में अधिक आर्द्रता के कारण लोगों को भीषण गर्मी के साथ उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि दोपहर बाद कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने से कुछ राहत मिली।

इन जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट

मौसम विभाग ने कालाहांडी, कंधमाल, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा, बिजली और बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

5 अप्रैल से कालबैशाखी का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ेगा। तटीय और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

6 अप्रैल को ज्यादा असर, 50 किमी तक चलेगी हवा

6 अप्रैल को बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, केंदुझर, मयूरभंज, गंजाम और गजपति जिलों में 40-50 किमी/घंटा की तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।

वहीं पुरी, खुर्दा, रायगढ़ा, मालकानगिरी, कोरापुट, नयागढ़, नबरंगपुर, ढेंकानाल, कालाहांडी, कंधमाल, बौद्ध और अनुगुल में भी 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा और बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटे में तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। भुवनेश्वर में शनिवार को मौसम आंशिक रूप से बादलों ढका रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *